Aaj Ka Mausam 16 September 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है, जबकि मॉनसून की विदाई का दौर भी शुरू हो चुका है। इसी बीच गुजरात और आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बादल और बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
राजस्थान में सक्रिय रहेगा मौसम
राजस्थान में मौसम प्रणाली के प्रभाव से कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है।
यूपी-बिहार में भी बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है। राज्य की कुछ नदियों में जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बिहार में भी मॉनसून की विदाई के बावजूद बारिश जारी है। कुछ जगहों पर आंधी, बिजली और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य में इस सीजन अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
मध्य प्रदेश में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि बारिश हर जगह व्यापक नहीं होगी।
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
भारी बारिश: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय।
मध्यम से व्यापक बारिश: पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल और लक्षद्वीप।
छिटपुट बारिश: बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश।

