World Cup 2023 ,IND vs BAN: टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर लगाया जीत का चौका, किंग कोहली ने जड़ा 48वां शतक

0
351

न्यूज डेस्क
टीम इंडिया ने पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश को हराकर वर्ल्ड कप 2023 में लगातार चौथी जीत हासिल की। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 257 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने विराट कोहली के नाबाद शतक और शुभमन गिल की अर्द्धशतीय पारी के दम पर बांग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया इस जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। न्यूजीलैंड बेहतर रन रेट के आधार पर भारत से आगे है। वहीं इस हार के बाद बांग्लादेश सातवें नंबर पर खिसक गई है।

257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने एक बाद फिर तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। टीम इंडिया को पहला झटका रोहित शर्मा ने रुप में लगा। रोहित 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर आए विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम इंडिया की पारी को संभाला।

भारत को दूसरा झटका गिल के रुप में लगा। गिल 53 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट और अय्यर ने मिलकर टीम के रनों की गति को आगे बढ़ाया। हालांकि, अय्यर छक्का लगाने की कोशिश में 19 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया को 178 रनों के स्कोर पर तीसरा झटका लगा था। लेकिन इसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली ने मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। भारत के लिए विराट कोहली ने 97 गेंदों पर नाबाद 103 रनों की पारी खेली। जबकि केएल राहुल 34 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटन दास (66) और तंजीद हसन (51) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े थे. लेकिन इसके बाद बांग्लादेश ने एक के बाद एक चार विकेट खो दिए। बांग्लादेश का स्कोर 137 रन था और उसके चार बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट गए थे।

हालांकि, इसके बाद बांग्लादेश के मध्यक्रम ने वापसी की कोशिश की। बांग्लादेश के लिए मुश्फिकुर रहीम ने 38 रन बनाए। तो महमूदुल्लाह ने 46 रनों की पारी खेली। भारत के लिए रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर को एक एक विकेट मिला।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here