न्यूज डेस्क
न्यूजीलैंड ने पहली बार महिला टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। टीम ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में साउथ अफ्रीका को 32 रन से हराया। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर बॉलिंग का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 126 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 रन बनाए और 3 विकेट भी लिए। न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया केर 43,ब्रूक हैलीडे 38 और सूजी बेट्स ने 32 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका के लिए नॉनकुलुलेको म्लाबा ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। क्लो ट्रायॉनए नादिन डी क्लार्क और अयाबोंगा खाका को 1-1 विकेट मिला। कीवी टीम 14 साल बाद फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 2009 और 2010 दोनों वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी लेकिन दोनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूजीलैंड की टीम इससे पहले 2009 और 2010 में रनअर अप रही थी। इस टीम ने खिताबी मुकाबले में लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाने वाली साउथ अफ्रीका टीम को शिकस्त दी। खिताबी जीत से न्यूजीलैंड की टीम मालामाल हो गई। उसे वर्ल्ड कप जीतने पर ओवरऑल 21.40 करोड़ रुपये मिले जिसमें 19.67 करोड़ टाइटल जीतने पर दिया गया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में हारने वाली उप विजेता साउथ अफ्रीकी टीम के खाते में कुल 11.56 करोड़ रुपये गए जिसमें दूसरे नंबर पर रहने के लिए 9.83 करोड़ शामिल था। वहीं सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने वाली भारतीय टीम ने इस विश्व कप में दो मुकाबले जीते थे। इसके लिए उसे 3.74 करोड़ रुपये मिले। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस विश्व कप के पहले ही मैच में न्यूजीलैंड ने बड़े अंतर से हराकर उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका दिया था।
सेमीफाइनल में हारने वाली 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्र्रेलिया को 7.66 करोड़ दिए गए जबकि अंतिम चार में हारने वाली वेस्टइंडीज की टीम को 7.40 करोड़ मिले। पांचवें नंबर पर रहने वाली इंग्लैंड को 4 करोड़ मिले। पाकिस्तान को 3.47 करोड़ दिए गए वहीं बांग्लादेश को 3.47 करोड़ जबकि श्रीलंका को 2.08 करोड़ मिले।
