PAK vs ENG ODI: क्रिकेट में आखिरी गेंद तक मुकाबला खत्म नहीं होता—पाकिस्तान ने यह बात एक बार फिर साबित कर दी। वनडे ट्राई सीरीज में टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ उस समय शानदार जीत दर्ज की, जब उसके 154 रन पर 9 विकेट गिर चुके थे और हार लगभग तय मानी जा रही थी। शादाब खान ने नाबाद शतक लगाकर मुकाबले का रुख ही बदल दिया।
शादाब खान की तूफानी पारी, हारिस रऊफ ने दिया साथ
241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। मुश्किल घड़ी में आठवें नंबर पर उतरे शादाब खान ने 96 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर पर हारिस रऊफ ने उनका साथ निभाया।
दोनों बल्लेबाजों ने दसवें विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रन जोड़कर वनडे क्रिकेट के सफल रन चेज में दसवें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। इस साझेदारी ने पाकिस्तान को यादगार जीत दिला दी।
बेन डकेट के शतक पर भारी पड़ा शादाब का जवाब
इससे पहले इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवर में 241 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। बेन डकेट ने 111 गेंदों पर 105 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी ने चार विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 47.1 ओवर में 9 विकेट खोकर 243 रन बना लिए और एक विकेट से मुकाबला जीत लिया। शादाब और हारिस की आखिरी विकेट के लिए हुई साझेदारी ने इस मैच को यादगार बना दिया।

