CIMP में National Inter-College Crossword Expedition 2026 का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल बोले- AI के दौर में क्रॉसवर्ड से विकसित होगी 360 डिग्री सोच

0
5

Crossword Championship: चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (CIMP) में गुरुवार को नेशनल इंटर-कॉलेज क्रॉसवर्ड एक्सपेडिशन (NICE) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार फाउंडेशन और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय पहल का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने किया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रशासन, उद्योग और बैंकिंग जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

AI के दौर में क्रॉसवर्ड की अहमियत पर राज्यपाल का जोर

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ChatGPT के बढ़ते प्रभाव के बीच इंसानी दिमाग की स्वतंत्र सोच, तार्किक क्षमता और 360 डिग्री दृष्टिकोण को विकसित करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि क्रॉसवर्ड केवल शब्दों का खेल नहीं, बल्कि यह विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने अपने सैन्य अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि रणनीतिक निर्णय लेने में “लीक से हटकर सोच” बेहद महत्वपूर्ण होती है और क्रॉसवर्ड इसी तरह की मानसिक क्षमता विकसित करने में मदद करता है।

CIMP की उपलब्धियों का भी हुआ उल्लेख

CIMP के निदेशक डॉ. राणा सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि संस्थान को नीति आयोग ने देश के प्रमुख 24 नॉलेज संस्थानों में शामिल किया है। उन्होंने बताया कि क्रॉसवर्ड गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान, विश्लेषणात्मक क्षमता और बौद्धिक जिज्ञासा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में क्रॉसवर्ड को शामिल करने की पहल की भी सराहना की।

बिहार फाउंडेशन और सेंट्रल बैंक का मिला साथ

बिहार फाउंडेशन के सीईओ एवं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (IAS) ने कहा कि संस्था “Bonding, Branding and Business” की थीम के तहत NICE 2026 को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड राजीव रंजन सिन्हा ने युवाओं को ज्ञान और कौशल के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

क्रॉसवर्ड को मिला शैक्षणिक पहचान का दर्जा

RERA बिहार के चेयरमैन विवेक कुमार सिंह ने कहा कि क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड छात्रों में संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और अलग तरीके से सोचने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बताया कि पटना से शुरू हुई यह पहल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है।

राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह (IAS) ने जानकारी दी कि 4 जुलाई को क्रॉसवर्ड को स्नातक छात्रों के लिए आधिकारिक स्किल एनहांसमेंट कोर्स (SEC) के रूप में अधिसूचित किया गया है, जिससे इसे शैक्षणिक स्तर पर नई पहचान मिली है।

स्मारिका और टी-शर्ट का हुआ अनावरण

कार्यक्रम के दौरान गणमान्य अतिथियों ने NICE 2026 की स्मारिका और आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया। पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

पटना सिटी राउंड के विजेताओं का हुआ सम्मान

उद्घाटन के बाद आयोजित NICE 2026 पटना सिटी राउंड में विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में तार्किक सोच, भाषा कौशल और रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

विजेता इस प्रकार रहे:

  • प्रथम पुरस्कार: आद्या सिंह (सेंट स्टीफंस कॉलेज, नई दिल्ली)
  • द्वितीय पुरस्कार: तन्बी कुमारी (पटना लॉ कॉलेज)
  • तृतीय पुरस्कार: सत्य प्रकाश एवं सनी कुमार (CIMP, पटना)

कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के सामूहिक गायन और सभी प्रतिभागियों, अतिथियों तथा आयोजकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here