न्यूज डेस्क
सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने रविवार को इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। विश्व रैंकिग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और वूई पिक सोह की जोड़ी को 21-17,21-18 से हराकर सुपर 1000 स्तर की प्रतियोगिता को अपने नाम करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी।

वर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स की विजेता और एशियाई चैंपियन भारतीय जोड़ी को इस कड़े मुकाबले को जीतने में 43 मिनट का समय लगा। सात्विक ने मैच के बाद कहा कि हमने इस स्पर्धा के लिए काफी अच्छी तैयारी की थी। हम जानते थे कि दर्शका हमारा समर्थन करेंगे। उन्होंने पूरे सप्ताह हमारा साथ दिया। यह हमारे लिए अद्भुत सप्ताह रहा है। हमने आज कमाल का बैडमिंटन खेला। उनके खिलाफ आपसी मुकाबलों में हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं था, इसलिए हम एक समय में एक अंक जीतने पर ध्यान दे रहे थे।
दोनों जोड़ियों के बीच यह 11वां मुकाबला था और भारतीय जोड़ी की यह पहली जीत है। मैच के शुरुआती गेम में दोनों जोड़ियों के बीच बराबरी का मुकाबला हुआ। सात्विक और चिराग ने गेम में 11-19 की बढ़त के बाद पीछ़े मुड़कर नहीं देखा और 21-17 से पहला गेम जीता। भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में थी चिपा और सोह की जोड़ी को आसानी से अंक जुटाने का मौका नहीं दिया।

एक समय स्कोर 6-6 की बराबरी पर था लेकिन भारतीय जोड़ी ने इसके बाद शानदार खेल दिखाते हुए 18-11 की बढ़त हासिल की। मलयेशिया की जोड़ी ने हार नहीं मानी और इस नौ अंक के अंतर को कम कर दो अंक 18-20 का कर दिया। चिराग और सात्विक ने इसके बाद मैच प्वाइंट भुनाकर इस जोड़ी के खिलाफ पहली जीत दर्ज की।
सात्विक और चिराग इस खिताब को जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी है। सायना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत ने इससे पहले जकार्ता में एकल खिताब जीते हैं। सात्विक और चिराग इसके साथ ही देश की पहली जोड़ी बन गयी है जिसने सुपर 100,सुपर 300,सुपर 500,सुपर 700 और सुपर 1000 स्तर की किसी ना किसी प्रतियोगिता को जीता है।

