नई दिल्ली: भारत ने चटगांव में खेले गये तीसरे और सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में बांग्लादेश को 227 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है। भारत ने आठ विकेट पर 409 रन बनाये थे।हालांकि बांग्लादेश सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुका था,भारत ने इस जीत के साथ ही टीम पर मंडरा रहा क्लीन स्वीप के संकट को भी टाल दिया।तीसरे एकदिवसीय मुकाबले के हीरो रहे ईशान किशन ने आज रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। ईशान ने 131 गेंदों में 210 बनाये जिसमें 24 चौके और 10 छक्के शामिल हैं।
एक नजर ईशान किशन के बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड पर
- ईशान ने 126 गेंद में अपना दोहरा शतक पूरा किया जो इस प्रारूप का सबसे तेज दोहरा शतक है। इससे पहले पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। उन्होंने 2015 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 138 गेंद में दोहरा शतक पूरा किया था।

- इशान इस प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गये। उन्होंने 24 साल और 145 दिन की उम्र में दोहरा शतक पूरा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था जिन्होंने 26 साल और 186 दिन की उम्र में अपना पहला दोहरा शतक (2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) लगाया था।
- किशन ने 85 गेंद में एकदिवसीय प्रारूप का पहला शतक लगाने के बाद टी20 अंदाज में बल्लेबाजी की और चौके-छक्के की बौछार कर दी। उन्होंने अपनी पारी में 156 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाये।
- किशन दोहरा शतक लगाने वाले भारत के चौथे और कुल सातवें बल्लेबाज हैं। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान के खिलाफ एक रन लेकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह अपने पहले एकदिवसीय शतक को दोहरा शतक में बदलने वाले इकलौते बल्लेबाज बने।

विराट कोहली ने भी जड़ा शतक
विराट कोहली भी आज अपने रंग में दिखे, एकदिवसीय में यह उनकी 44वीं शतकीय पारी है जिससे उनकी कुल शतकों की संख्या 72 हो गयी। इस प्रारूप में कोहली ने लगभग तीन साल के बाद शतक लगाया। उन्होंने 86 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर (100 शतक) के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गये है।



