India Won SAFF Championship: भारतीय फुटबॉल टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करते हुए SAFF चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। रोमांच से भरे फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से शिकस्त देकर लगातार तीसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने 10वीं बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
इस बार भारतीय टीम युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी थी, लेकिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन में कहीं भी अनुभव की कमी नजर नहीं आई। टीम ने मुश्किल परिस्थितियों से वापसी करते हुए खिताब अपने नाम किया। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार खेल का असर विरोधी टीम पर भी दिखाई दिया।
मैच खत्म होने के बाद खेल भावना की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई। पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने भारतीय फुटबॉलरों के सम्मान में तालियां बजाईं और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटबॉल प्रेमी भी दोनों टीमों के इस व्यवहार की सराहना कर रहे हैं।
पहले हाफ में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त
फाइनल की शुरुआत में पाकिस्तानी टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाने में कामयाब रही। भारत को भी पहले हाफ में गोल करने के कुछ अच्छे अवसर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी।
पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी ने शानदार फिनिशिंग करते हुए पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ पाकिस्तान ने मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
रेड कार्ड ने पलट दिया मुकाबले का रुख
दूसरे हाफ में मैच ने अचानक करवट ली। 59वें मिनट में VAR की मदद से जुनैद शाह को ब्रिसन फर्नांडिस के खिलाफ खतरनाक टैकल करने पर सीधा रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान को बाकी मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
इसका फायदा भारतीय टीम ने तुरंत उठाया। 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर भारत को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। ल्हुंगडिम खैमिनथांग की फ्री-किक पर मैकार्टन निक्सन के हल्के टच के बाद गेंद भट तक पहुंची, जिन्होंने शानदार अंदाज में उसे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
88वें मिनट में संदीप मंडी ने दिलाई ऐतिहासिक जीत
मुकाबले का सबसे निर्णायक पल 88वें मिनट में आया। संदीप मंडी ने बेहतरीन हेडर के जरिए गेंद को पाकिस्तान के गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
आखिरी मिनटों में मिली इस बढ़त को भारतीय टीम ने बरकरार रखा और फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही पाकिस्तान की पहली बार SAFF चैंपियन बनने की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
भारत की इस जीत ने एक बार फिर क्षेत्रीय फुटबॉल में उसकी मजबूत स्थिति को दिखाया। लगातार तीसरी बार खिताब और कुल 10वीं ट्रॉफी जीतकर भारतीय टीम ने अपनी उपलब्धियों में एक और यादगार अध्याय जोड़ दिया।

