न्यूज डेस्क
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के फाइनल मुकाबले में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को पांच विकेट से हरा दिया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवरों 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाने में कामयाब हुई थी। पाकिस्तान के लिए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शोएब मलिक सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए 3 छक्के की मदद से 41 रन की सर्वाधिक पारी खेली। उनके अलावा पारी का आगाज करते हुए कामरान अकमल 19 गेंद में 24 और मकसूद ने 12 गेंद में 21 रन का योगदान दिया।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की दमदार शुरुआत हुई। रॉबिन उथप्पा और अंबाती रायडू के बीच पहले विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी हुई जिसे आमिर ने तोड़ा। उन्होंने उथप्पा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 10 रन बना सके। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सुरेश रैना कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मोर्चा गुरकीरत सिंह मान ने संभाला। उन्होंने रायडू के साथ तीसरे विकेट के लिए 25 रनों की साझेदारी की। रायडू इस मुकाबले में अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए। उन्होंने 166.66 के स्ट्राइक रेट से पांच चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, मान दो चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। इस मुकाबले में यूसुफ पठान ने 30 रन बनाए। वहीं, युवराज 15 और इरफान पांच रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए आमिर ने दो विकेट चटकाए जबकि सईद अजमल, वहाब रियाज और शोएब मलिक को एक-एक विकेट मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत धीमी हुई थी। कामरान अकमल और शरजील खान के बीच पहले विकेट के लिए 14 रनों की साझेदारी हुई जिसे अनुरीत सिंह ने तोड़ा। उन्होंने शरजील को राहुल शुक्ला के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 12 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा कामरान और सोहेब मकसूद ने संभाला। दूसरे विकेट के लिए दोनों ने 30 रनों की साझेदारी निभाई। मकसूद 12 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, अकमल चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में पाकिस्तान के लिए शोएब मलिक ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों का सामना किया और तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। इस मैच में युनिस खान ने सात, मिस्बाह-उल-हक ने 18, आमिर यामीन ने सात रन बनाए। वहीं, शाहिद अफरीदी और सोहेल तनवीर क्रमश: चार और 19 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए अनुरीत सिंह ने तीन विकेट चटकाए जबकि विनय कुमार, पवन नेगी और इरफान पठान को एक-एक सफलता मिली।

