CWG 2026: जैवलिन थ्रो में भारत का शानदार प्रदर्शन, नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, यशवीर सिंह ने दिलाया ब्रॉन्ज

0
36

Commonwealth Games 2026: पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में दो पदक डाले। स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि यशवीर सिंह ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक जीतकर भारत की सफलता को और खास बना दिया। दूसरी ओर, पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम शुरुआती दौर में ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

श्रीलंका के खिलाड़ी ने जीता गोल्ड

फाइनल मुकाबला ठंडे मौसम और तेज हवाओं के बीच खेला गया। नीरज चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में 80.97 मीटर का थ्रो किया। दूसरे प्रयास में उन्होंने 85.83 मीटर भाला फेंककर पदक की मजबूत दावेदारी पेश की। हालांकि श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

नीरज को सिल्वर, यशवीर ने आखिरी थ्रो में पलटा मुकाबला

नीरज चोपड़ा 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे और सिल्वर मेडल जीता। वहीं मुकाबले के अंतिम प्रयास में यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ (Personal Best) थ्रो किया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वे तीसरे स्थान पर पहुंच गए और कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

अरशद नदीम की चुनौती जल्दी हुई खत्म

पाकिस्तान के स्टार जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम प्रतियोगिता में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। उनका पहला प्रयास फाउल रहा और शुरुआती तीन प्रयासों के बाद वे शीर्ष-8 खिलाड़ियों में जगह बनाने में नाकाम रहे। इसके चलते उन्हें फाइनल चरण से बाहर होना पड़ा और वे पदक की दौड़ से बाहर हो गए।

भारत ने जैवलिन में दो पदक किए अपने नाम

भारत की ओर से नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने फाइनल में हिस्सा लिया। तीनों खिलाड़ियों ने शुरुआती दौर में शीर्ष-8 में जगह बनाई, लेकिन अंत में नीरज और यशवीर ने पोडियम पर स्थान हासिल कर भारत को जैवलिन थ्रो में दो पदक दिलाए। यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here