नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में चयन के लिए अब एक बार फिर यो-यो टेस्ट मापदंड बनने जा रहा है। यही नहीं टीम इंडिया में चयन के लिए एक अन्य डेस्सा स्कैन टेस्ट (हड्डियों का स्कैन) भी अनिवार्य कर दिया गया है। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी की अगुवाई में टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद हुई समीक्षा बैठक में इन दोनों टेस्ट को अनिवार्य किया गया। समीक्षा बैठक में बोर्ड सचिव जय शाह के अलावा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा मुख्य प्रशिक्षक राहुल द्रविड,राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी प्रमुख बीवीएस लक्ष्मण और चयन समिति के निर्वतमान चेयरमैन चेतन शर्मा ने भाग लिया।
क्या है यो-यो टेस्ट
यो-यो टेस्ट खिलाड़ी की फिटनेस और स्टेमिना को जांचने के लिए किया जाता है। यह सॉफ्टवेयर आधारित टेस्ट है जो बंगलूरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में आयोजित किया जाता है। टेस्ट को डेनमार्क के फुटबॉल फिजियोलॉजिस्ट जैन्स बैप्सबो ने विकसित किया था। यह पहले फुटबॉल समेत बाकी खेलों में लागू किया गया था। क्रिकेट में इसे सबसे पहले आस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने अपनाया था।
समीक्षा बैठक में लिए गये तीन बड़े फैसले
घरेलू क्रिकेट में खेलना होगा अनिवार्य
समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय टीम में चयन के लिए खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य होगा। अभी तक देखा जा रहा था कि कई क्रिकेटर आईपीएल को ध्यान में रखकर लाल गेंद के मुकाबले सफेद गेंद की क्रिकेट को वरीयता दे रहे थे।
फिटनेस के लिए डेक्सा स्कैन जरूरी
पूर्व कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में यो-यो टेस्ट को अनिवार्य कर दिया गया था। उस दौरान इसे पास करने की निम्नतम सीमा 16.1 थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 16.5 कर दिया गया था। यो-यो टेस्ट के साथ डेक्सा टेस्ट भी होगा। जिसमें पूरे शरीर की 10 मिनट की स्कैनिंग में हड्डियों के बारे में पता लग जाएगा। अब अगर कोई क्रिकेटर मेडिकल टीम की ओर से खेलने के लिए फिट घोषित किया गया है तो यह पता लग जाएगा कि वह मैच फिट है या नहीं।
आईपीएल में खिलाड़ियों के कार्यभार पर नजर
बोर्ड सचिव जय शाह की और से कहा गया कि भविष्य दौरा कार्यक्रम के मद्देनजर 2023 के भारत में होने वाले वनडे विश्वकप के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी और आईपीएम फ्रेंचाइजी मिलकर काम करेंगे। विश्वकप में टीम इंडिया के दावेदारों पर आईपीएल में नजर रखी जाएगी । एनसीए और आईपीएल अीम मालिक क्रिकेटर पर पड़ने वाले भार और उसकी फिटनेस पर नजर रखेंगे।

