Women Asia Cup 2026: 103 रन का बचाव कर बांग्लादेश ने रचा कमाल, UAE को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम

0
30

Women Asia Cup 2026: बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए UAE को 34 रन से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब बांग्लादेश का सामना सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहले बल्लेबाजी में लड़खड़ाई बांग्लादेश

टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना खाता खोले ही पहला विकेट गंवा दिया, जबकि 8 रन तक पहुंचते-पहुंचते दूसरा विकेट भी गिर गया। इसके बाद भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।

शरमीन अख्तर ने 31 गेंदों में 38 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। कप्तान निगार सुल्ताना ने भी 28 गेंदों पर 23 रन बनाए। बाकी बल्लेबाजों के छोटे योगदान की मदद से बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 103 रन बनाए और UAE के सामने 104 रन का लक्ष्य रखा।

69 रन पर UAE की पारी खत्म

104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की बल्लेबाजी बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई। तीर्थ सतीश और हीना हॉटचंदानी के अलावा कोई भी बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

UAE की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 69 रन बना सकी। इस तरह बांग्लादेश ने 34 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बांग्लादेश की जीत में राबेया खान की गेंदबाजी सबसे अहम रही। उन्होंने 3 विकेट झटके, जबकि मारुफा अख्तर और नाहिदा अख्तर ने 2-2 विकेट लेकर UAE की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

अब भारत से होगा सेमीफाइनल मुकाबला

इस जीत के साथ बांग्लादेश ने अपने ग्रुप में तीन मैचों में दो जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसी ग्रुप से श्रीलंका की टीम पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुकी है और उसका सामना दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान से होगा।

भारतीय महिला टीम ने भी ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबले जीते हैं। अब 10 सितंबर को भारत और बांग्लादेश की टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी, जबकि श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here