Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान लगातार रोमांचक बना हुआ है। एथलेटिक्स, आर्चरी, फेंसिंग, बैडमिंटन, सर्फिंग और स्क्वैश समेत कई खेलों में भारत के खिलाड़ी मैदान पर उतरे। दिन के मुकाबलों में जहां कुछ खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाई, वहीं कई भारतीयों का सफर भी समाप्त हो गया।
डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर तीसरे स्थान पर
भारत के तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन में सात इवेंट के बाद 5869 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। वह चीन के चेन जिंगहुआ से 50 और जापान के युमा मारुयामा से 45 अंक पीछे हैं। डिस्कस थ्रो में तेजस्विन ने 36.77 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और 599 अंक हासिल किए। डेकाथलॉन के बाकी मुकाबलों में उनके पास रैंकिंग सुधारने का मौका रहेगा।
आर्चरी में भारत का डबल धमाका
आर्चरी में भारत के लिए अच्छी खबर आई। धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहोद की रिकर्व मिक्स्ड टीम ने UAE को 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और बाद में वियतनाम को भी 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वहीं चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव की कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने मंगोलिया को 160-146 और क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 159-154 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
कंपाउंड में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने भी अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दोनों टीमों का अगला मुकाबला रिपब्लिक ऑफ कोरिया से होना है।
फेंसिंग में महिला साबरे टीम क्वार्टर फाइनल में
भारतीय महिला साबरे टीम ने राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया को 45-23 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टीम में भवानी देवी और अन्य भारतीय खिलाड़ी शामिल रहीं। क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना उज्बेकिस्तान से होना है।
एथलेटिक्स में संतोष कुमार ने बनाई जगह
भारत के संतोष कुमार तमिलरासन ने पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स हीट में 49.61 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, उनके साथी यशस पलक्ष अपनी हीट पूरी नहीं कर सके।
महिला और पुरुष एथलेटिक्स में भारत के कई खिलाड़ियों के मेडल मुकाबले भी 27 सितंबर को निर्धारित हैं, जिनमें शाइली सिंह, एंसी सोजन, अनिमेष कुजूर, सरवेश कुशारे और पारुल चौधरी जैसे नाम शामिल हैं।
कुराश में भारतीय खिलाड़ियों को मिली हार
कुराश में भारत को निराशा हाथ लगी। विशाल पुरुष +90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के कुनाथिप ये-ओन से 5-0 से हार गए। इसके अलावा संगीता बल्हारा, भारती और यश कुमार चौहान भी अपने मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
सर्फिंग में भारत के चारों खिलाड़ी आगे
सर्फिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शिवराज बाबू ने ईरान के दाऊद खादीर को हराकर पुरुष शॉर्टबोर्ड के राउंड 3 में जगह बनाई। इससे पहले किशोर कुमार भी इस दौर में पहुंच चुके थे।
महिला शॉर्टबोर्ड में शुगर शांति गायेन और कमाली प्रकाश ने अपने-अपने हीट जीतकर राउंड 3 में जगह बनाई। यानी भारत के चारों भारतीय शॉर्टबोर्ड सर्फर अगले दौर में पहुंच गए।
इक्वेस्ट्रियन में पदक से चूके भारतीय
ड्रेसेज फाइनल में हृदय छेदा 72.680 अंक के साथ आठवें और जय सूद 71.490 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहे। इसके साथ ही आइची-नागोया में भारत का इक्वेस्ट्रियन अभियान समाप्त हो गया।
आगे इन मुकाबलों पर रहेंगी नजरें
27 सितंबर को भारत के लिए स्क्वैश सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। अनाहत सिंह और अभय सिंह अपने-अपने सिंगल्स गोल्ड मेडल मुकाबले में उतरेंगे। इसके अलावा एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शूटिंग, बॉक्सिंग और वेटलिफ्टिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों के महत्वपूर्ण मुकाबले हैं।
वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर 69 किग्रा वर्ग में उतरेंगी, जबकि शूटिंग में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगी। बैडमिंटन में पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा पर भी नजर रहेगी।

