Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में 25 सितंबर का दिन भारतीय दल के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। भारत के खिलाड़ी शूटिंग, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, स्क्वैश और टेबल टेनिस समेत कई खेलों में उतरेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार 2026 एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे हैं।
दिन की शुरुआत सुबह सर्फिंग और शूटिंग से होगी। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में कमलजीत और सुरुचि सिंह से उम्मीदें रहेंगी, जबकि 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार चुनौती पेश करेंगे।
कबड्डी और हॉकी में बड़े मुकाबले
भारत की महिला हॉकी टीम सुबह 7:30 बजे जापान के खिलाफ पूल-बी मुकाबला खेलेगी। इसके बाद महिला कबड्डी टीम नेपाल के खिलाफ सेमीफाइनल और पुरुष टीम थाईलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उतरेगी। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह खेले जाएंगे।
एथलेटिक्स में कई पदक मुकाबले
एथलेटिक्स में महिला शॉटपुट और पोल वॉल्ट के फाइनल के अलावा पुरुषों की 10,000 मीटर और हैमर थ्रो स्पर्धा पर नजर रहेगी। पुरुष 100 मीटर में गुरविंदर सिंह और अनिमेष कुजूर सेमीफाइनल में उतरेंगे और क्वालिफाई करने पर फाइनल में भी दौड़ सकते हैं।
बैडमिंटन और अन्य खेल
बैडमिंटन में ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी सहित कई भारतीय खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे। बॉक्सिंग, स्क्वैश, टेबल टेनिस और तैराकी में भी भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले हैं। वहीं महिला 61 किग्रा वेटलिफ्टिंग फाइनल में निरुपमा देवी पर भी निगाहें रहेंगी।
25 सितंबर का दिन इसलिए खास है क्योंकि भारत के सामने कई सेमीफाइनल, फाइनल और नॉकआउट मुकाबले हैं, जिनसे पदक तालिका पर असर पड़ सकता है।

