INDIA Alliance Rally Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज होने वाली इंडी गठबंधन की रैली से पहले व्यापारियों की चिंता पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के साथ-साथ दिल्ली के स्थानीय बाजारों से खरीदारी भी करें, ताकि त्योहारों के इस मौसम में दुकानदारों को फायदा मिल सके।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं। दिवाली, छठ और भाईदूज के मौके पर वे रैली और मार्च में हिस्सा लेने के साथ छोटी दुकानों से सामान खरीदें। उन्होंने दावा किया कि रैली से व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा और भाजपा डर के कारण अफवाहें फैला रही है।
व्यापारियों ने रैली टालने की थी मांग
राहुल का यह बयान चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) की ओर से रैली की तारीख आगे बढ़ाने की अपील के बाद आया है। संगठन ने विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर कार्यक्रम 11 नवंबर के बाद आयोजित करने का अनुरोध किया था। CTI अध्यक्ष बृजेश गोयल के मुताबिक, उन्होंने राहुल गांधी से भी कई बार संपर्क किया, लेकिन तारीख में बदलाव नहीं हुआ।
व्यापारियों को आशंका है कि रैली में भारी भीड़ और हजारों वाहनों के पहुंचने से दिल्ली के करीब 20 प्रमुख थोक और खुदरा बाजारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। इनमें कनॉट प्लेस और चांदनी चौक जैसे बाजार भी शामिल हैं। उनका दावा है कि रोजाना 10 से 12 हजार करोड़ रुपये तक का कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि वे रैली के विरोध में नहीं हैं, बल्कि त्योहारों से ठीक पहले बाजारों में होने वाली परेशानी को लेकर चिंतित हैं।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर हो रही रैली
पुलिस ने कार्यक्रम के लिए कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी है और आयोजकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए हैं। यह रैली विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) रोकने और पुरानी मतदाता सूची बहाल करने की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है।

