न्यूज़ डेस्क
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए यूपी में एक नए गठबंधन की आहट सुनाई देने लगी है। लोकसभा चुनाव 2024 में सपा और बसपा के साथ मिलकर बीजेपी की घेराबंदी होने वाली है।
स्वामी प्रसाद मौर्य अपना दल कमेरावादी पार्टी की अध्यक्ष पल्लवी पटेल, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद, जनवादी पार्टी सोशलिस्ट के अध्यक्ष संजय चौहान, पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉ अय्यूब के बीच गठबंधन पर बात बन गई है। सभी नेताओं ने गठबंधन के मुद्दे पर दूसरे से फोन पर बात की। तीसरे मोर्चे की मुख्य भूमिका में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद होंगे।
कल राजधानी लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस होनी थी। लेकिन स्वामी प्रसाद मौर्य और पल्लवी पटेल में ठीक से तालमेल न होने की वजह से बात अधूरी रह गई। चंद्रशेखर आजाद इस गठबंधन के लिए मध्यस्थता कर रहे हैं। सभी को साथ लाने की जिम्मेदारी चंद्रशेखर को दी गई है। बहुत जल्द तीसरे गठबंधन का ऐलान होगा। वहीं कुछ सीटों पर भी बात बन गई है।
अगर यह नया गठबंधन तैयार होता है तो यूपी की राजनीति में कई तरह की नयी कहानी सामने आ सकती है। फिर चार ध्रुवो की लड़ाई शुरू होगी और इस लड़ाई में बसपा की राजनीति भी देखने को मिलेगी। अब तक बसपा किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं है। अगर नया गठबंधन या मोर्च तैयार होता है तो चुनावी समीकरण भी बदल सकते हैं।
