महावीर फोगाट ने क्यों कहा कि अब बेटी संगीता फोगाट उनके सपने को आगे ले जाएगी 

0
110

न्यूज़ डेस्क 
विनेश फोगाट के चाचा महावीर फोगाट ने कहा है कि विनेश फोगाट के राजनीति में जाने की वजह से वह काफी दुखी हैं लेकिन अब बेट संगीता फोगाट उनके सपने को आगे ले जायेगी। बता दें कि महावीर फोगाट ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए अपनी बेटी को तैयार करना शुरू कर दिया है। बता दें कि विनेश फोगाट अभी हाल में ही कांग्रेस में शामिल हुई है और वह जींद जिले के जुलना सीट से चुनाव लड़ रही है। 

महावीर फोगाट ने कहा, “विनेश को लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलना चाहिए था, लेकिन अब वह राजनीति में आ गई हैं। इसलिए हमने संगीता फोगाट को 2028 ओलंपिक के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है। वह भारत के लिए पदक लाएंगी ।

उन्होंने कहा कि “जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के कारण संगीता राष्ट्रीय चैंपियनशिप से चूक गईं थी। बबीता फोगाट घुटने की परेशानी से जूझ रही हैं, इसलिए उनके मैट पर वापस आने का कोई मतलब नहीं है।”

महावीर फोगाट ने कहा कि वह विनेश के राजनीति में आने और अगले महीने हरियाणा चुनाव लड़ने के फैसले के खिलाफ हैं। वे चाहते थे कि विनेश 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक में हिस्सा लें और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतें।

पूर्व कुश्ती कोच महावीर फोगाट ने कहा, “मैं चाहता था कि विनेश 2028 ओलंपिक के लिए खुद को तैयार करे। विनेश ने चुनाव लड़ने का जो फैसला किया है, वह पूरी तरह से उनका और उनके पति का है। हम नहीं चाहते थे कि वह राजनीति में आएं। मैं उनके राजनीति में आने के फैसले से खुश नहीं हूं। पूरा देश उम्मीद कर रहा था कि विनेश 2028 में स्वर्ण पदक जीतेगी और मैं भी यही उम्मीद कर रहा था।

“वह राजनीति में आईं, विधायक या मंत्री भी बन सकती हैं, लेकिन अगर उन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता होता तो उसे जीवन भर याद रखा जाता।”

उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा पर विनेश फोगाट को राजनीति में लाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here