इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर नए अपडेट लाता रहता है. इसी क्रम में अब WhatsApp यूजर्स के अकाउंट को और सेफ बनाने के लिए एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। सालों से टू-स्टेप वेरिफिकेशन के लिए इस्तेमाल हो रहे 6-डिजिट PIN की जगह अब कंपनी एक डेडिकेटेड अकाउंट पासवर्ड फीचर पेश करने की तैयारी में है। यह फीचर यूजर्स के अकाउंट को साइबर हमलों और हैकिंग से पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित बनाएगा।
वॉट्सऐप के नए अपडेट और फीचर पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo की एक रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp अपने यूजर्स की सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। सालों से टू-स्टेप वेरिफिकेशन के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला 6 अंकों के न्यूमेरिक PIN को अब कंपनी एक डेडिकेटेड पासवर्ड से बदलने की तैयारी कर रही है।इस नए फीचर के आने के बाद यूजर्स अपने अकाउंट की सुरक्षा के लिए PIN की जगह ऐसा पासवर्ड बना सकेंगे, जिसमें लेटर और नंबर दोनों का इस्तेमाल होगा।
वॉट्सऐप का नया टू-स्टेप वेरिफिकेशन सिस्टम प्राइवेसी को और बेहतर बनाएगा। नए पासवर्ड सिस्टम से साइबर अपराधियों या हैकर्स के लिए किसी का अकाउंट क्रैक करना बहुत ही मुश्किल हो जाएगा। खासकर उन यूजर्स के लिए यह काफी फायदेमंद साबित होगा जो वॉट्सऐप का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट, फाइनेंशियल लेनदेन या पर्सनल डेटा शेयर करने के लिए करते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीटा टेस्टिंग में यह भी सामने आया है कि पासवर्ड सेट करते समय वॉट्सऐप यह चेक करेगा कि यूजर का पासवर्ड कितना मजबूत है। पासवर्ड सेफ होने पर ही यूजर उसे सेव कर सकेंगे।
यह नया पासवर्ड फीचर WhatsApp की मौजूदा लॉगिन प्रक्रिया के साथ ही काम करेगा।
सबसे पहले यूजर को अपने फोन नंबर पर आए SMS वेरिफिकेशन कोड को दर्ज करना होगा।
इसके बाद अकाउंट एक्सेस करने के लिए नया बनाया गया पासवर्ड डालना होगा।
ध्यान देने वाली बात यह है कि मौजूदा PIN की तरह ही यह नया पासवर्ड फीचर भी पूरी तरह से ऑप्शनल होगा। जो यूजर्स टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन नहीं करना चाहते, उन पर इस नए बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा।
फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है। कंपनी की ओर से अभी इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक तारीख का खुलासा नहीं किया गया है।टेस्टिंग के नतीजों के आधार पर WhatsApp इस फीचर में बदलाव भी कर सकता है।

