Weather Updates Today
राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक प्रचंड गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर भारत का ज्यादातर हिस्सा सोमवार यानी 17 जून तक लू की चपेट में रहेगा। इस दौरान यूपी-बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में प्रचंड गर्मी पड़ेगी। जिसके चलते यहां लू का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के ज्यादातर हिस्सों में आज यानी 14 से 17 जून तक तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने का अनुमान लगाया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को भी उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में गर्मी का कहर जारी रहा। गुरुवार को देश का सबसे अधिक तापमान बिहार के बक्सर में 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और सिक्किम में भारी बारिश से हालात खराब हैं। जबकि उत्तरी बंगाल के कई इलाकों में पानी भर गया है। जबकि सिक्किम में बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पू्र्वोत्तर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक पूर्वी-पश्चिमी निम्नदाब क्षेत्र बना हुआ है, जो उत्तर-पश्चिमी बिहार से नगालैंड तक फैला हुआ है। इन वजहों से पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में आज से सोमवार (14 से 17 जून) के बीच भारी बारिश की संभावना है। वहीं बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है।
