न्यूज डेस्क
देश में मानसून अब अपने अंतिम दौर में है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम हिस्सों में कई जगहों पर मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बनती जा रही है। कई जगहों पर धीरे-धीरे मौसम शुष्क होता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 सितंबर से पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। ओडिशा में 29 सितंबर से 01 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में आज यानी शुक्रवार को कहीं-कहीं पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा लखनऊ समेत आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। वहीं मेरठ में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक जाने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान आज से गिरने लगेगा। लगभग 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक जाने का भी पूर्वानुमान है। लगभग दो दिनों तक अब तापमान इसी तरह बना रहेगा।
मौसम विभाग ने आज बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, केरल, कोंकण-गोवा समेत देश कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। कई जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, तमिलनाडु में हल्की बारिश और दक्षिण पूर्व राजस्थान में एक या दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

