IMD Weather Forecast: अगले 6-7 दिन भारी पड़ेंगे! दिल्ली-UP, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

0
7

IMD Weather Forecast: देशभर में सक्रिय मानसून ने बारिश की रफ्तार तेज कर दी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि अब यह बारिश राहत के साथ-साथ परेशानी भी लेकर आ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 20 जुलाई को देश के 17 राज्यों में हल्की से लेकर भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 6 से 7 दिनों तक मानसून के सक्रिय बने रहने, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं, आकाशीय बिजली, जलभराव, भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है।

उत्तर भारत में अगले 6 दिन भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 20 से 25 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक वर्षा की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का कहर

आईएमडी के मुताबिक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली मौसम अपडेट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में 25 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 20 से 22 जुलाई के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 23 से 25 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, बेगूसराय समेत राज्य के अधिकांश जिलों में 20 से 21 जुलाई तक व्यापक बारिश और 21 से 24 जुलाई के बीच भारी वर्षा होने की संभावना है।

उत्तराखंड में रेड और ऑरेंज अलर्ट

लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड में हालात गंभीर बने हुए हैं। कई जिलों में भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर समेत कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

पश्चिम बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी दी है।

राजस्थान में भी बरसेंगे बादल

पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 20 से 25 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट

श्रीनगर, जम्मू, बारामूला, अनंतनाग, रामबन, राजौरी, पुंछ, कठुआ समेत कई जिलों में 20 से 23 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here