न्यूज डेस्क
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में में मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सितंबर के महीने में गर्मी वाला मौसम झेल रहे दिल्ली वासियों को आज का दिन थोड़ा राहत भरा हो सकता है क्योंकि आज हल्की बूंदा-बांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को पूरे दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन एक -दो दिन के बाद यहां फिर से मौसम शुष्क हो जाएगा । आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है।
उधर उत्तर प्रदेश में सितंबर के महीने में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम एकदम बदल गया है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूप है तो कहीं पर हल्की बारिश की वजह से उमस बढ़ गई है। लोगों को बारिश और उमस के बीच गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज धूप के बीच में ही बारिश होने का सिलसिला लगातार चल रहा है। पल-पल बदलते हुए इस मौसम के बीच लखनऊ मौसम विभाग ताजा जानकारी के मुताबिक रविवार तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।
मौसम विभाग ने बिहार के नौ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिससे प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ी है। इससे बारिश के आसार बने हैं। आज जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना है उनमें सुपौल, अररिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, किशनगंज, पूर्णिया, जमुई और मधेपुरा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने उप-हिमालयी, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक उप-हिमालयी, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के क्षेत्रों में 21 से 22 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में 21 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही ओडिशा में 20 से 21 सितंबर के बीच भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

