न्यूज डेस्क
देश के उत्तरी राज्यों से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में तीन अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पश्चिमी तट पर आज भारी बरसात की संभावना है। पूर्वी भारत के राज्यों की बात करें तो मौसम विभाग ने बताया कि सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार में 30 सितंबर से चार अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल में 30 सितंबर से तीन अक्टूबर और अंडमान व निकोबार द्वीप में आज भारी बारिश होगी।
पश्चिम भारत के कुछ राज्यों में भारी बरसात की संभावना
पश्चिम भारत की बात करें तो कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के इलाकों में आज भारी बारिश देखने को मिलेगी। मध्य भारत की बात तो छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी आज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पूरे ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है, जिसकी वजह से निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और कुछ जगहों पर भूस्खलन हो सकता है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में मौसम संभवत शुष्क रहेगा। लेकिन कुछ जगहों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रविवार और सोमवार को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। आने वाले दो-दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा। तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बिहार में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अभी मानसून करीब 15 अक्टूबर तक रहेगा। इस दौरान कई जिलों में बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों में भारी बारिश के आसार जताए हैं। जहां बरसात की संभावना है उनमें औरंगाबाद, कैमूर, गया, रोहतास शामिल हैं। इनके अलावा मुजफ्फरपुर, पटना, शेखपुरा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

