IMD Weather Alert Today: नवंबर के मध्य में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 नवंबर को पहाड़ी राज्यों से लेकर दक्षिण भारत के कुछ इलाकों तक बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। वहीं, अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की चेतावनी है। आइए जानते हैं दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देशभर में आज मौसम कैसा रहेगा।
कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी हल्की बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में कई जगह बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। दूसरी ओर, मध्य, पश्चिमी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 14 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। सुबह धुंध और हल्की ठंड महसूस होने का अनुमान है। हालांकि, राजधानी और एनसीआर में व्यापक बारिश की चेतावनी नहीं है।
उत्तर प्रदेश में कहां होगी बारिश?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।
बिहार और झारखंड में मौसम रहेगा शुष्क
बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया समेत ज्यादातर इलाकों में बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। झारखंड में भी रांची, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो सहित कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दोनों राज्यों में सुबह हल्की धुंध और शाम-रात में ठंड महसूस हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ठंड का असर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा स्थिति देखकर ही निकलना चाहिए।
पंजाब, राजस्थान और पश्चिम बंगाल का हाल
पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि भारी बारिश का व्यापक अलर्ट नहीं है। पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में बारिश के आसार कम
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन समेत ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
दक्षिण भारत में बारिश, अंडमान-निकोबार में भारी वर्षा की चेतावनी
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कुछ जगहों पर बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ समुद्र में खराब स्थिति बन सकती है। ऐसे में मछुआरों को अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

