Weather Today 20 May 2024: दिल्ली में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, तापमान 47 डिग्री के पार, अभी नहीं मिलने वाली है राहत

0
94

Aaj Ka Mausam
समूचे उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने ना केवल लोगों को बेहाल कर दिया है बल्कि लू के थपेड़ों ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी रविवार को भी भीषण गर्मी से तपती रही और अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। दिल्ली का नजफगढ़ क्षेत्र देश में सबसे गर्म क्षेत्र रिकॉर्ड किया गया, जहां रविवार को अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में आज और आने वाले दिनों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लू की स्थिति के कारण दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट और पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने कहा कि 22 मई तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में गंभीर लू चलने की संभावना है। 22 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति की भविष्यवाणी की गई है। 20 मई तक बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।

पूर्वानुमान के मुताबिक तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, ओडिशा के कुछ हिस्सों और अंडमान निकोबार द्वीप समूह और उत्तर पूर्व भारत में आज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here