न्यूज डेस्क
देश के कई राज्यों में इन दिनों बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक 12 राज्यों में मानसून से लोगों की मुसीबत बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ अभी भी सक्रिय है जो अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बढ़ रहा है। जिसके अगले दो से तीन दिनों के अंदर पश्चिमी छोर से धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा एक चक्रवाती प्रसार दक्षिण ओडिशा के अलावा इसके आसपास के इलाकों में बना हुआ है।
मौसम विभाग ने मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज उत्तराखंड, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों सहित 12 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश बारिश होने की आशंका जताई है। इन हिस्सों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। यानी कि इन राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने की आशंका है।
राजधानी दिल्ली में मंगलवार से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक राष्ट्रीय राजधानी में अच्छी बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मंगलवार तड़के बारिश देखी गई।

