न्यूज डेस्क
उत्तर भारत समेत देशभर के अधिकांश राज्यों में एक ओर जहां गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में कई जगहों पर इस सप्ताहांत तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उधर मध्य भारत से लेकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल व पूर्वोत्तर भारत में बारिश हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो 31 मार्च तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से भारी बारिश देखने को मिलेगी। पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में बुधवार को आसमान एकदम साफ रहेगा और गुरुवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आज बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रह सकता है। गुरुवार को भी ये 36 डिग्री सेल्सियस का मीटर पार कर सकता है। इसके साथ ही गुरुवार तक न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। असम और मेघालय में बादल जमकर बारिश हुई है। पूर्वी गारो हिल्स जिले के विलियमनगर में मंगलवार को 12 सेमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके आलवा पूर्वी खासी हिल्स जिले में स्थित चेरापूंजी में 10 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। इसके अलावा करीमगंज जिला में 9 सेमी. तक बारिश हुई। मौसम के तेवर में बदलाव की वजह से तेज बारिश हुई, जिसने आम जनजीवन को व्यस्त कर दिया।
पूर्वानुमान के मुताबिक हिमालयी क्षेत्रों में मौसमी उथल-पुथल की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसमी बदलाव की वजह से देश के इन हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञानियों ने अपने मौसम पूर्वानुमान में कहा है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से लगते उत्तर-पश्चिम भारत में 31 मार्च तक मौसम के तेवर तल्ख रह सकते हैं। 29 से 30 मार्च तक हालात ज्यादा खराब रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।