न्यूज डेस्क
गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में मूसलाधार बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज भी होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज (24 जुलाई) भी बारिश के आसार हैं। इससे पहले रविवार शाम को भी दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश हुई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन यमुना के बढ़ते जलस्तर के बीच बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार शाम को यमुना का जलस्तर 206.40 मीटर पर पहुंच गया था। इस बीच हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद यमुना में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है और दिल्ली के कई हिस्सों में चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के लोगों को बारिश का इंतजार अगले 24 घंटे तक करना पड़ेगा। इस दौरान मौसम में 2 से 3 डिग्री तापमान में गिरावट आई है। आज पूरे दिन बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। 24 घंटे बाद यूपी के 40 जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी किया है।
गुजरात के जूनागढ़ में बाढ़ और बारिश के बाद हालात बिगड़े
उधर गुजरात में लगातार हो रही बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं और जूनागढ़ में तीन हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जूनागढ़ में बाढ़ और बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए कहा कि राज्य में 24 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटों में देवभूमि द्वारका, राजकोट, भावनगर और वलसाड जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का भी अनुमान जताया है।
महाराष्ट्र के कई जिलों के लिये ऑरेंज अलर्ट जारी
इसके अलावा मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में भी भारी बारिश की आशंका जताई है और कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज महाराष्ट्र के पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले रविवार को भी मुंबई के कई इलाकों में तेज बारिश हुई थी।
उत्तराखंड के लिए 27 जुलाई तक येलो अर्लट
इधर उत्तराखंड में आगामी 27 जुलाई तक मौसम विभाग ने हल्की से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के 7 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं पर भारी बारिश भी हो सकती है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन होने से राजमार्ग और संपर्क मार्ग बंद हो सकते हैं।
मध्यप्रदेश के कई जिलों में होगी भारी से अति भारी बारिश
मध्य प्रदेश में आज भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेज अलर्ट जारी किया है।

