Weather Forecast Today: राजधानी दिल्ली में आज मौसम रहेगा सुहाना, UP, बिहार,MP, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी

0
178

न्यूज डेस्क
दिल्ली में रविवार को मौसम सुहाना बना रहेगा। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि रविवार को आसमान में मुख्यत: बादल छाए रह सकते हैं तथा हल्की बारिश होने की संभावना है। ताजा जानकारी के मुताबिक रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4-5 दिनों के लिए भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड, उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 4-5 दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी आने वाले पांच दिनों में भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम और बिहार में 8 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और जम्मू सहित उत्तर-पश्चिम भारत में 9 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, मध्य भारत में हल्की से मध्यम वर्षा होगी।

रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 8 अगस्त तक हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी वर्षा होगी। दक्षिण भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों के दौरान इस क्षेत्र में कम बारिश की संभावना है। पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गयी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here