Weather Today: पहाड़ों से लेकर मैदानों तक भारी बारिश, 20 से ज्यादा राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट,जानिए आज कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम

0
126

न्यूज डेस्क
देशभर के आधे से ज्यादा हिस्सों में इन दिनों बारिश का सिलसिला जारी है। ये बारिश कहीं राहत दिला रही है तो कहीं मुसीबत बन गई है। पहाड़ों पर बारिश से लैंडस्लाइड से जगह जगह सड़के अवरुद्ध हो गयी हैं। लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। हालांकि कई जगह बारिश से चिलचिलाती गर्मी में राहत भी मिली है, लेकिन भारी बारिश के बाद जगह जगह हुए भारी जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी ​मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी दिल्ली में टूटा 20 साल पुराना रिकॉर्ड

देश की राजधानी में बीते शनिवार को दिन भर करीब 9 घंटे की बारिश देखी गई। मूसलाधार बारिश की वजह से राजधानी के कई इलाके जलमग्न हो गए। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ी। आस पास के इलाकों में हुए जलजमाव ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। दिल्ली-एनसीआर में आज भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को हुई बारिश ने पिछले 20 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले इतनी बारिश साल 2003 में हुई थी।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद भूस्खलन

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे और मुगल रोड को बंद कर दिया गया। बारिश के चलते रामबन में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ है। इस वजह से सड़क को बंद कर दिया है। उधर, खराब मौसम के कारण हजारों अमरनाथ तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। अमरनाथ यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित कर दिया गया।

राजस्थान में भारी बारिश से चार की मौत

मौसम विभाग ने हिमाचल के 7 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी है। वहीं, उत्तराखंड में बारिश की वजह से 11 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में 24 घंटे में हुई तेज बारिश ने चार लोगों की जान ले ली है।

इन राज्यों के लिए जारी किया गया रेड अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक आज उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन दोनों राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के वेदर बुलेटिन के मुताबिक आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here