Bihar News: बिहार के धार्मिक और पर्यटन मानचित्र पर बड़ा बदलाव आने वाला है। गया स्थित विष्णुपद मंदिर को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के लिए 2390 करोड़ रुपये की भव्य कॉरिडोर परियोजना पर काम तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मेगा प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

गया में बनेगा भव्य कॉरिडोर, 694 नए स्ट्रक्चर तैयार होंगे
सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत विष्णुपद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कुल 694 नए स्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे। इनमें कमर्शियल शॉप्स, पार्किंग, श्रद्धालुओं के लिए शेड, घाटों का सौंदर्यीकरण और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। यह परियोजना न केवल धार्मिक महत्व को बढ़ाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी।
फल्गु नदी किनारे होगा बड़ा विकास, 108 फीट की विष्णु प्रतिमा बनेगी आकर्षण
फल्गु नदी के तट पर इस प्रोजेक्ट के तहत व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे। सबसे खास आकर्षण होगा भगवान विष्णु की 108 फीट ऊंची मिश्रधातु की प्रतिमा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक नया आस्था केंद्र बनेगी। इस प्रतिमा तक पहुंचने के लिए एक चौड़ा पेडेस्ट्रियन पथ भी बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकेंगे।

पार्किंग और सुविधाओं का खास ख्याल, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
परियोजना के तहत तीन बड़े पार्किंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां 750 चार पहिया वाहनों और 20 बसों की पार्किंग की सुविधा होगी। इसके अलावा 24 शेड बनाए जाएंगे, जहां एक साथ सैकड़ों लोग बैठ सकेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिया है कि पेडेस्ट्रियन पथ की चौड़ाई कम से कम 20 फीट हो, ताकि भीड़ के समय भी लोगों को कोई परेशानी न हो।

पिंडदानियों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस
गया हर साल लाखों श्रद्धालुओं और पिंडदान करने आने वाले लोगों का प्रमुख केंद्र है। इसे ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि आवागमन आसान हो और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहें।
बिहार के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

इस परियोजना के पूरा होने के बाद गया एक विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। इससे न केवल देश बल्कि विदेश से भी अधिक संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे।



