Bihar News: विक्रमशिला सेतु पर तेजी से चल रहा काम, महीने के अंत तक बन जाएगा बेली ब्रिज

0
5

Bihar News: भागलपुर और नवगछिया के बीच जीवनरेखा माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने सोमवार को विक्रमशिला सेतु का स्थल निरीक्षण किया और बेली ब्रिज निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से, बेली ब्रिज निर्माण, संरचनात्मक स्थिति और यातायात बहाली से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

महीने के अंत तक तैयार होगा बेली ब्रिज

सचिव पंकज कुमार पाल ने जानकारी दी कि बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम विक्रमशिला सेतु पर तीन बेली ब्रिज तैयार कर रही है। इनमें से एक बेली ब्रिज का इंस्टालेशन पूरा हो चुका है, जबकि बाकी दो पर तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि मई 2026 के अंत तक बेली ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पैदल यात्रियों और छोटी गाड़ियों के आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

युद्धस्तर पर काम कर रही BRO की टीम

सचिव ने बताया कि BRO की टीम और तकनीकी विशेषज्ञ लगातार युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।

निरीक्षण के बाद उन्होंने भागलपुर के जिलाधिकारी, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक भी की।

ट्रस ब्रिज का निर्माण भी साथ-साथ

बेली ब्रिज के साथ-साथ ट्रस ब्रिज निर्माण कार्य भी समानांतर रूप से शुरू किया गया है। विभाग के अनुसार यह दो लेन वाला आधुनिक पुल होगा, जिसमें पैदल यात्रियों के लिए अलग से सुविधा दी जाएगी।

फिलहाल ट्रस ब्रिज का कार्य प्रारंभिक चरण में है और डिजाइन सहित तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

“किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

सचिव पंकज कुमार पाल ने साफ कहा कि सेतु की मरम्मत और यातायात बहाली में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने मुख्य अभियंता और संबंधित अधिकारियों को स्थल पर लगातार कैंप करने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।

भागलपुर और कोसी क्षेत्र के लिए बेहद अहम है सेतु

विक्रमशिला सेतु भागलपुर, नवगछिया और कोसी क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख पुल है। ऐसे में इसके जल्द चालू होने से लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here