उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द करके लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है।प्रश्न पत्र लीक होने के दावों के बाद लाखों परीक्षार्थी भर्ती परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा लेने की मांग कर रहे थे।राज्य सरकार ने परीक्षा रद्द करने के साथ ही 6 महीने के भीतर फिर से परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की मेहनत और परीक्षा की सुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार ने जारी किया नोटिस
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द करने को लेकर राज्य सरकार ने एक नोटिस जारी किया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी नोटिस में लिखा है कि दिनांक 17 व 18 फरवरी 2024 को संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के संबंध में प्राप्त तथ्यों एवं सूचनाओं के परीक्षण के आधार पर शासन द्वारा सम्यक विचारोपरांत सुचिता एवं पारदर्शिता के उच्चतम मानकों के दृष्टिगत इस परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। शासन ने भर्ती बोर्ड को यह निर्देश दिया है कि जिस भी स्तर पर लापरवाही बरती गई है।उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी परीक्षा रद्द होने की सूचना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा रद्द करने की सूचना दी है। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं की सूचिताओं से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
बड़ी संख्या में ऑनलाइन प्राप्त हुई थी आपत्तियां और प्रत्यावेदन
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में अभ्यर्थी पहले दिन से ही सड़कों पर परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे थे।अभ्यर्थियों के पेपर लीक के दावों और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भारती व प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से पेपर लीक की शिकायतों पर सबूत के साथ आपत्तियां मांगी थी।भर्ती बोर्ड ने शुक्रवार की शाम 6:00 बजे तक अभ्यर्थियों की शिकायतों को लेकर सबूत को साबित करने वाली आपत्तियों प्रत्यावेदन मांगे थे। इस पर बोर्ड को लगभग डेढ़ हजार शिकायतें ऑनलाइन प्राप्त हुई थी।
48 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही पद पर कुल 60244 रिक्तियों को भरने के लिए 17 और 18 फरवरी को प्रदेश भर में परीक्षा आयोजित की गई थी।इस परीक्षा में 48 लाख से ज्यादा उम्मीदवार उपस्थित हुए थे। अभ्यर्थियों का कहना है कि 2 दिन की चार पाली में हुई इस भर्ती परीक्षा में 17 और 18 फरवरी की दूसरी शिफ्ट का पेपर लीक हुआ है। 18 फरवरी की शाम 3 से 5 की पाली में हुए प्रश्न पत्र तमाम व्यक्तियों के पास और कोचिंग टीचर्स के पास पहले ही पहुंच गए थे, जिसे लेकर शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर उसी समय पोस्ट भी लिखी, जिससे पेपर लीक होने की बात सामने आई थी।

