UP IAS Transfer: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देर रात 20 IAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के CDO भी बदले

0
4

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए सचिव और विशेष सचिव रैंक के 20 आईएएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की। इस फेरबदल में आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा पीसीएस से आईएएस बने कई अधिकारियों को पहली बार महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती मिली है।

कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

सरकार ने सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से हटाकर श्रमायुक्त नियुक्त किया है। यह पद मार्कंडेय शाही के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली पड़ा था।

डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से हटाकर महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।

UP IAS Transfer News | Uttar Pradesh Bureaucracy | IAS Transfer List

अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है।

कई विभागों में अतिरिक्त प्रभार

जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के मौजूदा पद के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। दीपा रंजन को राज्य आजीविका मिशन के मिशन निदेशक पद से संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के दायित्व से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वहीं विशाल सिंह को निदेशक सूचना और निदेशक संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर केवल विशेष सचिव संस्कृति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चर्चा में रहे ये तबादले

संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर (गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद) के पद से हटाकर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। हाल के समय में उनका नाम विभिन्न प्रशासनिक चर्चाओं में भी रहा था।

परीक्षित खटाना को मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ से स्थानांतरित कर अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है। उनकी जगह राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

रेणु तिवारी को महिला कल्याण एवं बाल विकास से जुड़े अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त करते हुए अब केवल विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के रूप में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलों में भी हुए अहम बदलाव

जग प्रवेश को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन से स्थानांतरित कर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

बलिया के मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं आलोक कुमार को बलिया का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह संजय कुमार सिंह को इटावा का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां

मनिकंदन ए. को प्रतीक्षारत सूची से निकालकर राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त नियुक्त किया गया है। डॉ. वंदना वर्मा को चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ-साथ सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here