Lucknow Kanpur Expressway:UP को मिली 4850 करोड़ की बड़ी सौगात! लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे खुला, CM योगी ने किया फोरलेन और बाइपास का ऐलान

0
4

Lucknow Kanpur Expressway: उत्तर प्रदेश को सड़क बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4,850 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भविष्य की बड़ी योजनाओं का ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को चरणबद्ध तरीके से फोरलेन सड़कों से जोड़ा जाएगा। साथ ही जिन शहरों की आबादी 5 लाख या उससे अधिक है, वहां ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए बाइपास का निर्माण कराया जाएगा।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से सफर होगा बेहद आसान

इस कार्यक्रम की सबसे अहम परियोजना लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 63 किलोमीटर लंबे कानपुर-लखनऊ 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन रहा। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय करीब तीन घंटे से घटकर महज 35 से 40 मिनट रह जाएगा।

यह एक्सप्रेसवे आधुनिक इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) से लैस है, जिसमें हाईटेक कैमरे, स्पीड रडार, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम, वैरिएबल मैसेज साइन और वे-ब्रिज जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन दोनों मजबूत होंगे।

हरदोई-लखनऊ फोरलेन सड़क से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

दूसरी परियोजना के तहत हरदोई-लखनऊ सीमा से लखनऊ रिंग रोड तक लगभग 32 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का लोकार्पण किया गया। करीब 541 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क से हरदोई और आसपास के जिलों के लोगों को राजधानी तक तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ मलिहाबाद के आम उत्पादकों को भी मिलेगा, क्योंकि अब वे अपने उत्पाद कम समय में देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचा सकेंगे।

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बनेगा फ्लाईओवर

तीसरी परियोजना के तहत लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लगभग 1 किलोमीटर लंबे चार लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया गया। करीब 109 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक कम करेगा।

इससे सीतापुर रोड, जानकीपुरम, अलीगंज, कुर्सी रोड, विकास नगर, टेढ़ी पुलिया, खुर्रम नगर और फैजाबाद रोड जैसे क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रोजगार और विकास को मिलेगा नया बल

नई सड़क परियोजनाओं के चलते एक्सप्रेसवे के आसपास लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउस, औद्योगिक इकाइयों, पर्यटन, आवासीय परियोजनाओं और छोटे कारोबारों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार इस पूरे कॉरिडोर को एक बड़े आर्थिक गलियारे (Economic Corridor) के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने पर सहमति जताई है। उन्होंने बताया कि अब राज्य में पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी के बाद उत्तर-दक्षिण सड़क नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here