UP Election 2027: कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के बीच अखिलेश यादव का बड़ा कदम, जारी की पहली उम्मीदवार सूची; जानिए किसे मिला टिकट

0
6

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने शुरुआती चरण में पांच विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इस सूची में उमर अली खान, आशु मलिक, नाहिद हसन, महबूब अली और ज्योति लोधी को जगह मिली है।

सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सूची साझा करते हुए ‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ का नारा भी दिया। पार्टी की ओर से जारी नामों में चार मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि ज्योति लोधी को ललितपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

किस सीट से किसे मिला टिकट?

समाजवादी पार्टी की पहली सूची में शामिल पांच प्रत्याशियों और उनकी विधानसभा सीटों का विवरण इस प्रकार है:

  • उमर अली खान – बेहट विधानसभा सीट, सहारनपुर
  • आशु मलिक – सहारनपुर विधानसभा सीट
  • नाहिद हसन – कैराना विधानसभा सीट, शामली
  • महबूब अली – अमरोहा विधानसभा सीट
  • ज्योति लोधी – ललितपुर विधानसभा सीट

इस सूची के जरिए सपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली और अमरोहा के साथ बुंदेलखंड की ललितपुर सीट पर भी अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

PDA के नारे के साथ चुनावी तैयारी

उम्मीदवारों की सूची के साथ पार्टी ने PDA को लेकर अपना राजनीतिक संदेश भी दोहराया है। PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों से है। सपा इस नारे के जरिए इन वर्गों को एकजुट करने का संदेश दे रही है। पहली सूची जारी होने को 2027 के चुनाव से पहले पार्टी की शुरुआती तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है।

बेहट और सहारनपुर सीटों पर कांग्रेस की भी थी नजर

सपा की पहली सूची ऐसे समय आई है, जब कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। खबरों के मुताबिक, कांग्रेस ने जिन सीटों पर अपनी दावेदारी जताई थी, उनमें बेहट और सहारनपुर भी शामिल थीं। अब सपा ने इन दोनों सीटों पर क्रमशः उमर अली खान और आशु मलिक को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इससे गठबंधन की सीटों को लेकर चल रही बातचीत में इन सीटों का मुद्दा अहम हो सकता है।

सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का दिया प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा जारी है। मंगलवार को दोनों दलों के नेताओं ने सीटों को लेकर बैठक की। इस दौरान सपा की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव रखे जाने की बात सामने आई।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर कहा कि जीतने की संभावना वाली 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत हुई है और आपसी समझदारी के साथ चर्चा आगे बढ़ेगी। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है। ऐसे में आने वाले दिनों में गठबंधन की बातचीत और उम्मीदवारों की अगली सूची पर सभी की नजर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here