हजारीबाग के केरेडारी में TSPC नक्सली संगठन ने चिपकाया पोस्टर,गांव में दहशत का माहौल

0
281

न्यूज डेस्क: हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के जोरदाग,पगार,चट्टीबारियातू पचडा,केरेडारी में प्रतिबंधित टीएसपीसी नक्सलियों ने पर्चा चिपकाया। नक्सलियों के नाम से चिपकाए पर्चे में टीएसपीसी ने संगठन जिंदाबाद नारे का जिक्र करते हुए करणपुरा क्षेत्र के बड़का गांव में चल रहे कोल माइंस पर दलाली करने वाले को होशियार रहने की हिदायत दी है। साथ ही एनटीपीसी से किसानों को उचित मुआवजा तथा संघमित्रा प्रोजेक्ट सीसीएल द्वारा पचड़ा क्षेत्र के किसानों को उचित मुआवजा और नौकरी देकर कंपनी खनन कार्य की शुरुआत करने की बात कही है।

इस पर्चे के माध्यम से धमकी दी गई है कि अगर कंपनी ऐसा नहीं करती है तो टीएसपीसी संगठन कंपनी के ऊपर फौजी कार्रवाई करेगी। पर्चा में आजाद नगर में एनटीपीसी द्वारा जमीन अधिग्रहण का उचित मुआवजा देने और अडानी कंपनी को षड्यंत्र कर जमीन अधिग्रहण नहीं करने की बात कही गई है। इसके अलावा बारियातू कोल माइंस के कोयला खनन कार्य कर रही रितिक कंपनी से ग्रामीणों की मांग पूरा करने की बात कही गई है।

पर्चे से इलाके में दहशत का है माहौल

नक्सलियों द्वारा इलाके में चिपकाया गया पोस्टर दिन के 11:00 बजे तक चिपका रहा।नक्सली संगठन के नाम से हुई इस पोस्टर बाजी से इस क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने आकर इस सभी पोस्टरों को उखाड़ कर जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना प्रभारी साधन चंद्र राय का कहना है कि असामाजिक तत्वों के द्वारा दहशत फैलाने के लिए गांव में इस प्रकार का पोस्टर चिपकाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्दी ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी नक्सलियों के नाम से चिपकाए गए थे पोस्टर

यह पहली दफा नहीं है,जबकि नक्सलियों के नाम से इस इलाके में पोस्टर बाजी हुई हो।पिछले वर्ष जून के महीने में भी जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के नाम से इलाके में ऐसे ही पोस्टर चिपकाया गया था। उस पोस्टर में भी खासकर इस क्षेत्र में ठेकेदारी करने वाले लोगों को धमकाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here