अखिलेश अखिल
तेलंगाना चुने समर का नया मैदान बन गया है। सत्तारूढ़ बीआरएस जहां एक बार फिर से सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है वही कांग्रेस और बीजेपी अपनी जगह तलाश रही है। वैसे मुख्यमंत्री केसीआर अभी भी तेलंगाना में जनता के बीच ज्यादा पसंद किये जा रहे हैं लेकिन कांग्रेस और बीजेपी भी पूरी ताकत से वहां जनता के बीच पहुँच रही है। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने तेलंगना में चुनावी सभा को सम्बोधित किया और केसीआर पर जमकर हमला किया। खड़गे ने केसीआर और बीजेपी को एक साथ साधा और कहा कि दोनों के बीच गुप्त समझौता है और दोनों पार्टियां जनता को गुमराह कर रही है।
इधर आज रविवार को बीजेपी नेता और गृह मंत्री खम्मम पहुंचकर केसीआर और कांग्रेस पर निशाना साधा है। शाह ने एक सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस बार यहां बीजेपी सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 4जी पार्टी है, जिसका मतलब है- चार पीढ़ी की पार्टी -जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी की पार्टी। बीआरएस 2जी पार्टी है, जिसका मतलब है- दो पीढ़ी की पार्टी यानी केसीआर और बाद में केटीआर की पार्टी। और औवेसी की पार्टी 3जी पार्टी है, यह पीढ़ीयों से चल रही है। शाह ने कहा कि केसीआर ने तेलंगाना मुक्ति संग्राम के लोगों के सपनों को ओवैसी के साथ बैठकर चूर-चूर करने का काम किया है। केसीआर अब आने वाले दिनों में सीएम नहीं रहेंगे। इस बार प्रदेश में बीजेपी का सीएम बनेगा।
अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर हमला बोलते हुए कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के बाद केसीआर और बीजेपी इकट्ठा हो जाएंगे, खरगे साहब इस आयु में क्यों झूठ बोलते हो? आपको मालूम है केसीआर के साथ असदुद्दीन ओवैसी बैठें हैं। मैं यह बताने आया हूं कि कुछ भी हो जाए बीजेपी केसीआर और ओवैसी के साथ कभी नहीं जाएगी। हम मजलिस वालों के साथ एक मंच पर भी नहीं बैठ सकते, सत्ता की बात छोड़ दीजिए। “
बता दें कि शनिवार को खड़गे ने कहा था कि बीआरएस और बीजेपी दोनों एक दूसरे के दोस्त हैं। खड़गे ने कहा, ”सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आप लोग यहां जुटे हैं। तेलंगाना जनता के कारण और कांग्रेस के नेताओं की वजह से बना, लेकिन इसका क्रेडिट एक आदमी ले रहा है। क्या तब केसीआर के पास इतनी शक्ति थी? हमने उन्हें शक्ति दी।सोनिया गांधी ने उन्हें शक्ति दी।”
उन्होंने दावा किया कि केसीआर और बीजेपी दोस्त बन गए हैं। ये अंदरूनी दोस्ती है, इस बारे में वो खुलकर नहीं बोल सकते। आज हम लोग एकजुट होकर केंद्र से बीजेपी सरकार को हटाने को तैयार हैं। लेकिन केसीआर एक भी मीटिंग में नहीं आए और उन्होंने बीजेपी से अंदर ही अंदर सांठ-गांठ कर ली। हम लोग लगातार मीटिंग कर रहे हैं और हमारा मकसद बीजेपी की सरकार और उनके सपोर्टर केसीआर को हटाना है।
खड़गे ने कहा, ”आज कल अमित शाह जी पूछ रहे हैं कि कांग्रेस ने 53 साल में क्या किया? 1947 में देश में साक्षरता दर केवल 18% थी, लेकिन हमने इसे 74% तक किया। उसमें मोदी, शाह, केसीआर सब शिक्षित हुए। आज ये हमसे पूछते हैं कि 53 साल में कांग्रेस ने क्या किया? इन 53 वर्षों में कांग्रेस ने बच्चों की मृत्यु दर पर काम किया, महिलाओं को शिक्षित बनाने का काम किया।”
खड़गे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस ने आजादी के बाद 562 रियासतों को देश में मिलाया। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक किया। देश को संविधान बाबासाहेब अंबेडकर और कांग्रेस ने दिया। आईआईटी, आईआईएम, एम्स, इसरो और डीआरडीओ ये सब पंडित जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस की देन है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “कांग्रेस विचारधारा वाली पार्टी है। इंदिरा गांधी जी, राजीव गांधी जी ने देश की एकता के लिए अपनी जान दी। आज राहुल गांधी जी जनता के लिए देश की संसद में बात करते हैं तो उन्हें बर्खास्त कर दिया, लेकिन वो डरे नहीं और लोगों के लिए काम करते रहे।”
खड़गे ने तेलंगाना के लोगों के लिए कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में जब कांग्रेस की सरकार आएगी तो, जो जमीन अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से छीन ली गई है उसे फिर से वापस देंगे। कर्नाटक में कानून बनाकर जमीनों को वापस कर रहे हैं।

