Tirupparankundram Deepam Controversy: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम में दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने को लेकर विवाद के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है। सोमवार रात से इलाके में निषेधाज्ञा लागू है। पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ सदस्यों को नजरबंद किए जाने की भी खबर है।
जिलाधिकारी निशांत कृष्णा के आदेश के मुताबिक, प्रतिबंध 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक लागू रहेंगे। इस दौरान सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने की मनाही है। नियमित धार्मिक अनुष्ठानों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रियान्वयन से जुड़ी गतिविधियों को छूट दी गई है।
ड्रोन उड़ाने पर भी रोक
पुलिस ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी, परिक्रमा मार्ग और आसपास के इलाकों को अस्थायी रेड जोन घोषित किया है। 23 और 24 नवंबर को ड्रोन तथा मानवरहित विमानों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिना अनुमति नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी सुरक्षा
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को सिकंदर बादशाह दरगाह के पास स्थित विवादित दीपथून पर कार्तिगई दीपम का पारंपरिक दीप एक बार जलाने की अनुमति दी थी। अदालत के निर्देश के अनुसार, यह कार्य अधिकृत दल ही करेगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों, जुलूसों और सभाओं के प्रवेश पर रोक रहेगी। सुरक्षा के लिए 70 से अधिक नए CCTV और चेहरा पहचानने वाले कैमरे भी लगाए गए हैं।
BJP नेता ने प्रशासन पर उठाए सवाल
पूर्व राज्यपाल और BJP नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठनों को विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी गई, जबकि दीप जलाने की मांग कर रहे हिंदू नेताओं और BJP पदाधिकारियों को नजरबंद किया गया। उन्होंने इसे कथित दोहरा रवैया बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों की टीम कर रही है। दक्षिणी जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों को मदुरै बुलाया गया है।

