Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई के जुहू इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार शाम पुष्पा पार्क के पास बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। टाइगर सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ड्राइवर के बाएं हाथ में लगी गोली
मुंबई पुलिस के डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक, घटना शाम करीब सात बजे हुई। शुरुआती जानकारी में टाइगर को चोट लगने की आशंका जताई गई थी, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्हें गोली नहीं लगी है। उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है, जबकि दूसरे घायल की पहचान चौहान के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से पोस्ट वायरल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की प्रामाणिकता या कथित गैंग की भूमिका की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
CM फडणवीस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जानकारी लेने के लिए मुंबई पुलिस आयुक्त से बात की। उन्होंने जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों का पता लगाने के लिए विशेष टीमें काम कर रही हैं। गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का खुलासा जांच आगे बढ़ने के बाद ही हो सकेगा।

