बीरेंद्र कुमार झा
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रहती है, तो तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमत घटाने पर विचार करने की स्थिति में होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेल कंपनियों की आगामी तिमाही नतीजे अच्छे होंगे।पुरी ने बीजेपी मुख्यालय पर पेट्रोल कीमतों पर पत्रकारों के विभिन्न सवालों के जवाब देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर अभी कोई घोषणा करने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि हम आगे चलकर देखेंगे कि क्या-क्या किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने पिछले तिमाही में ठीक प्रदर्शन किया है। तेल कंपनियों ने कुछ घाटे की भी भरपाई कर ली है। उन्होंने अपने कॉरपोरेट जिम्मेदारियां बहुत अच्छी तरह से निभाई हैं। हम जैसे- जैसे आगे बढ़ेंगे, हम देखेंगे कि क्या किया जा सकता है। बीजेपी नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने सुनिश्चित किया है कि 22 अप्रैल से तेल कीमतों में बढ़ोतरी ना हो।
ग्राहकों की परेशानी पर रहेगी नजर,रेवड़ी कल्चर से परहेज
हरदीप पुरी ने कहा कि सरकार आगे भी सुनिश्चित करेगी कि ग्राहकों को कोई परेशानी ना हो। पुरी ने विपक्ष पर रेवड़ी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोई सब कुछ मुफ्त में देने की पेशकश कर सकता है, लेकिन ऐसे में मुफ्तखोरी की राजनीति खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश कर जाती है।
लंबे समय से नहीं बढ़े हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
भारतीय तेल कंपनियों ने लंबे समय से पेट्रोल डीजल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।दिल्ली, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई जगह पेट्रोल ₹100 प्रति मीटर से कम बिक रहा है। दिल्ली में पेट्रोल की 96.27 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹89.62रुपए है। बिहार के पटना में पेट्रोल 107.2 4 और डीजल 94.04 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई में पेट्रोल 106.31 और डीजल ₹94.27 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 1 लीटर पेट्रोल ₹96.50और डीजल ₹89.68 रुपए में मिल रहा है। इसके अलावा अहमदाबाद में पेट्रोल 96.42 और डीजल 92.17 रुपए प्रति लीटर है।

