न्यूज़ डेस्क
बिहार में पहले चरण के लिए चार संसदीय क्षेत्रों गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु) में 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के प्रचार का शोर आज थम गया।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवारों में गया से पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, नवादा से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर, जमुई से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के दामाद अरुण भारती और औरंगाबाद से निवर्तमान सांसद सुशील कुमार सिंह ताल ठोक रहे हैं।
वहीं, महागठबंधन में सीट बंटवारे के तहत राष्ट्रीय जनता दल सभी चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। उसने गया से पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत, जमुई से अर्चना रविदास, नवादा से श्रवण कुमार कुशवाहा और औरंगाबाद से अभय कुमार कुशवाहा को मैदान में उतारा है।
प्रमुख उम्मीदवारों के साथ कुल मिलाकर 38 प्रत्याशी चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें गया में सबसे ज्यादा 14, औरंगाबाद में नौ, नवादा में आठ और जमुई में सात उम्मीदवार शामिल हैं।
प्रमुख दिग्गजों ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए धुआंधार प्रचार अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औरंगाबाद, नवादा, जमुई और गया में जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने अपने चुनावी अभियानों के दौरान राजनीति में परिवारवाद-वंशवाद और भ्रष्टाचार-जंगलराज के मुद्दों को उठाया और संविधान के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत मिशन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की घोषणा की।

