न्यूज़ डेस्क
मणिपुर में निर्वस्त्र महिलाओं को घुमाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि यूपी के बाराबंकी से एक ऐसे जल्लाद भाई की कहानी सामने आई है जिसने अभी सगी बहन के सिर को पहले धर से अलग किया और फिर उस सिर को लेकर सड़क पर चलता रहा। ग्रामीणों ने जब उस आदमी के हाथ में खून टपकते सर को देखा तो सनसनी फ़ैल गई। पुलिस को सुचना दी गई। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की यह ऐसी कहानी है जिससे भाई -बहन का रिश्ता भी दागदार हो गया है।
यह घटना बाराबंकी के मिठवारा गांव की है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि बाराबंकी के थाना फतेहपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मिठवारा में रियाज नामक युवक ने अपनी सगी बहन की गला काटकर हत्या कर दी। उसकी बहन गांव के लड़के के साथ भाग गई थी। इसमें उसके पिता के द्वारा मुकदमा लिखाया गया था। लड़की से नाराजगी के कारण भाई ने गला काटा है। उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
पड़ोसियों ने बताया कि रियाज का अपनी बहन आसिफा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों के बीच काफी बहस हुई। कुछ देर रुकने के बाद वह घर से बाहर निकल गया। उसके बाद जब वह वापस आया तो अपनी बहन से कपड़े धोने के लिए बोला। रियाज की बहन कपड़े धोने के लिए घर से बाहर निकली और पानी भरने लगी। उस वक्त रियाज पीछे से आया और बहन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिया। रियाज तब तक चापड़ से गले पर मारता रहा जब तक कि गर्दन अलग नहीं हो गई।
आज दोपहर को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बहन का कटा हुआ सिर हाथ में उठाया और थाने की ओर जाने लगा। आसपास के लोगों ने जब कटे सिर के साथ उसको घर से बाहर जाते देखा तो वह कांप गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सिर हाथ में लेकर वह गांव में करीब 800 मीटर तक घूमता रहा। इसी दौरान पहुंची पुलिस ने रियाज को रास्ते से ही गिरफ्तार कर लिया।
पड़ोसियों ने बताया कि रियाज की बहन गांव के अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। 29 मई को परिवार के लोगों ने युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने युवक और युवती दोनों को गांव के बाहर से पकड़ लिया था। युवक को जेल भेज दिया गया। वहीं, लड़की को परिवार वालों को सौंप दिया गया था।

