इसलिए तो हम यूसीसी लाना चाहते हैं ,अखिलेश यादव पर मुख्यमंत्री योगी का पलटवार

0
122

बीरेंद्र कुमार झा

उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के सवाल पर नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़े ही सधे लहजे में पलटवार किया। अखिलेश द्वारा बीते 6 वर्षों में 15 वर्ष के युवाओं की कितनी संख्या बढ़ने पर सवाल किए जाने पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि अच्छा है कि समाजवादियों में कुछ प्रोग्रेस हुई है और उन्हें जनसंख्या की चिंता सताने लगी है। इसलिए तो हम एक देश एक कानून को लाना चाहते हैं।प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया में सुचिता लाई गई।।36 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों से 1 करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी दी जाएगी।

होम वर्क किए होते एसपी विधायक, तो नहीं करते ऐसे सवाल

प्रश्न काल में एसपी के संग्राम यादव ने माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा रोजगार परक शिक्षा दिए जाने से जुड़ा सवाल किया। इस पर मंत्री द्वारा जवाब दिए जाने से पहले नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जवाब देने के लिए खड़े हुए। उन्होंने कहा कि माननीय सदस्य अगर यहां आने से पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति जो 2020 में लागू हुई है,उसे पढ़ लेते तो शायद यह सवाल ना करते।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इसमें शिक्षा को पूरी तरह रोजगार पर बनने पर जोर दिया है। इसमें शिक्षा में पैरामेडिकल, ड्रोन टेक्नोलॉजी, डाटा एनालिसिस, 3D पेंटिंग जैसे पाठ्यक्रम भी जोड़े गए हैं। पाठ्यक्रम में व्यापक परिवर्तन किया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कहना कि भर्ती नहीं हुई है, यह आप समाजवादियों की पीड़ा दर्शाता है।ऐसी कोई भी भर्ती प्रक्रिया अदालत में फंसी नहीं है।

शिक्षा से लेकर नौकरी और रोजगार के स्तर में हुआ सुधार

बीते 6 वर्षों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं नकल विहीन कराई गई हैं।14 दिनों में परीक्षाएं और 15 दिन में परिणाम घोषित किया गया है। प्रदेश में 36 लाख करोड रुपए का निवेश प्रस्ताव आया है और इसमें एक करोड़ रोजगार व नौकरियों के अवसर मिलेंगे ।बीते 6 वर्षों में यहां 1.64 लाख शिक्षकों की भर्तियां पारदर्शी ढंग से की गई है। संस्कृत विद्यालयों में भी सभी पद भरे जा रहे हैं। माध्यमिक अथवा बेसिक में जो पद खाली है उन्हें भरने के लिए ही सरकार एक नए आयोग के गठन के लिए बिल लेकर आई है। सभी को मौका मिलेगा। एसपी सदस्य भी वहां अपनी बात रख सकते हैं।

बीच में बोलने पर शिष्टाचार सिखाया नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को

मुख्यमंत्री बोल ही रहे थे कि नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव अपने स्थान से उठकर बोलने लगे।इसपर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें टोकते हुए कहा कि इतना तो देखें कि मैं जवाब दे रहा हूं।अखिलेश को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी टोका।इसपर अखिलेश यादव ने कहा कि में मुख्यमंत्री से अनुपूरक पूछना चाहता हूं कि क्या मुख्यमंत्री बताएंगे कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच 15 वर्ष के युवाओं की कितनी संख्या बढ़ी है?

चुटकी लेते हुए अखिलेश पर किया पलटवार

अखिलेश यादव के प्रधान पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि अच्छा है कि समाजवादियों में कुछ तो प्रोग्रेस हुई, और अब उन्हें जनसंख्या की चिंता सताने लगी है।उन्होंने कहा कि इसलिए ही हम कॉमन सिविल कोड ला रहे हैं।समाज में एक देश एक कानून लागू करना चाहते हैं।योगी के जवाब पर सदन में सत्ता पक्ष में जोरदार ठहाका गूंजा जबकि एस पी सदस्यों के बीच सन्नाटा पसर गया।उन्होंने एसपी विधायकों द्वारा किए गए प्रश्न पर भी चुटकी ली और कहा कि यहां प्रश्न देख रहा था।एक सदस्य ने पूछा है कि सरकार एक प्रदेश, एक कोर्स, एक मूल्य जैसी योजना कब तक लागू करेगी ? योगी ने कहा कि अगर एसपी सदस्य इस सवाल में एक देश,एक कानून भी जोड़ लेते तो अच्छा होता। सदन एक बार फिर ठहाकों से गूंज उठा।दरअसल एसपी के मोहम्मद फहीम ने यह सवाल उठाया था।

योगी ने दुहरायी अपनी सरकार की उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 6 साल पहले तक प्रदेश में बेरोजगारी की दर 16 – %17 के बीच थी।हमने इसे 3- 4 % के बीच किया है।नए पद सृजित किया गये हैं। लोगों को ईमानदारी से नौकरी दी गई है। योगी ने कहा कि न्यायालय को भी पता है कि सरकार के कार्य में पारदर्शिता और शुचिता है।उत्तर प्रदेश के परसेप्शन के कारण ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 36 हजार करोड के निवेश मिले हैं।इससे एक करोड़ को रोजगार मिलेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here