न्यूज़ डेस्क
पाकिस्तान में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक तो पाकिस्तान की माली हालत बेहद ख़राब है और दूसरी तरफ आतंकियों ने पाकिस्तान सरकार को भी परेशान कर रखा है। बीती देर रात को करांची में आतंकी हमले किये गए जिसमे दो चीनी नागरिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
इस हमले में दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल भी हुए है। लेकिन अब चीन ने पाकिस्तान को वार्निंग दे दिया है। चीन के बयान से पाकिस्तान की सरकार काफी असहज हो गई है।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि आतंकियों ने एक तेल टैंकर में विस्फोट किया, जिससे मौके पर मौजूद 10 से ज्यादा गाड़ियां फुंक गई थी। सभी घायलों को आपातकालीन उपचार के लिए जिन्ना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह विस्फोट रविवार देर रात को कराची के जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुआ। सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने घटना पर पुलिस प्रमुख से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और अधिकारियों को घायलों के लिए चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
वहीं पाकिस्तान में स्थित चीनी दूतावास ने इस हमले को लेकर कड़ी निंदा की है। दूतावास ने कहा कि कराची में जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पोर्ट कासिम इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के एक काफिले पर आतंकवादियों ने हमला किया।
प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बयान देकर हमले की जिम्मेदारी ली है लेकिन पाकिस्तान के अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
चीनी दूतावास ने कहा कि चीनी पक्ष घटना के बाद की स्थिति से निपटने के लिए पाकिस्तानी पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहा है।
पाकिस्तान में चीनी मिशनों ने तुरंत आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना शुरू की है, जिसमें पाकिस्तानी पक्ष से हमले की गहन जांच करने, अपराधियों को कड़ी सजा देने और पाकिस्तान में चीनी नागरिकों, संस्थानों और परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करने को कहा है।
बता दें कि इससे पहले भी मार्च महीने में खैबर पख्तूनख्वा में स्थित हाइड्रो पावर प्लांट पर चीनी कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए आतंकी हमला किया गया था, जिसमें 5 चीनी नागरिकों की मौत हो गई थी। जिसके बाद चीन ने पाकिस्तान से उसके नागरिकों की सुरक्षा करने को जरूरी कदम उठाने को कहा था सिर्फ इतना ही चीन ने अपनी फैक्ट्रियों-कंपनियों में काम करने वाले करीब 2000 पाकिस्तानी कर्मचारियों को बाहर तक निकाल दिया था।
