अकबर लोन एफिडेविट दे कि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है:सुप्रीम कोर्ट

0
137

बीरेंद्र कुमार झा

पाकिस्तान जिंदाबाद के नारेबाजी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल कांफ्रेंस के नेता मोहम्मद अकबर लोन को कड़ी फटकार लगाई।सुप्रीम कोर्ट ने लोन से भारत के संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ लेने और देश की संप्रभुता को स्वीकार करते हुए हलफनामा दाखिल करने को कहा है। 2018 में जम्मू कश्मीर विधानसभा में लोन ने पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया था। इसे लेकर विवाद होने पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को यह निर्देश दिया। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली 5 सदस्यीय पीठ से कहा कि लोन मंगलवार तक हलफनामा दाखिल कर देंगे।

हलफनामा नहीं देने पर पैरवी नहीं करेंगे सिब्बल

मोहम्मद अकबर लोन पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाले प्रमुख याचिकाकर्ता है। सिंबल ने कहा कि लोन यह हलफनामा दाखिल नहीं करते हैं,तो वह उनकी पैरवी नहीं करेंगे। सीनियर वकील ने कहा कि वह लोकसभा सांसद हैं। वह भारत के नागरिक हैं और उन्होंने संविधान की ओर से अपने पद की शपथ ली है। वह भारत की संप्रभुता को स्वीकार करते हैं।

पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने के लिए मांगे माफी

केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बेंच के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोन 2018 में जम्मू कश्मीर विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने के लिए माफी मांगे।उन्होंने कहा कि उनको यह बताना होगा कि वे संविधान के प्रति निष्ठा रखते हैं।साथ ही जम्मू कश्मीर विधानसभा में नारा लगाने के लिए उन्हें माफी मांगनी होगी। कश्मीरी पंडितों की एक समूह ने 1 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में नेशनल कांफ्रेंस नेता मोहम्मद अकबर लोन की साख पर सवाल उठाया था। ग्रुप में दावा किया था कि अलगाववादी ताकतों के समर्थक हैं।

मोहम्मद अकबर अलगाववादी ताकतों के समर्थक

कश्मीरी पंडित युवाओं का समूह होने का दावा करने वाले गैर सरकारी संगठन ‘ रूट इन कश्मीर’ ने सुप्रीम कोर्ट में हस्तक्षेप याचिका दायर की थी। इस मामले में कुछ अतिरिक्त दस्तावेजों और तथ्यों को रिकॉर्ड पर लाने की अपील की गई थी। अर्जी में आरोप लगाया गया कि जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के नेता मोहम्मद अकबर लोन को जम्मू कश्मीर में सक्रिय अलगाववादी ताकतों के समर्थक के रूप में जाना जाता है। यह भी कहा गया है कि लोन पाकिस्तान का समर्थन करते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here