Summer Fever Alert: गर्मी में हल्के बुखार को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी, जानिए कब तुरंत करानी चाहिए जांच

0
5

Summer Fever Alert: गर्मी के मौसम में बुखार, बदन दर्द और थकान जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं, जिन्हें लोग अक्सर साधारण वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि हर बार ऐसा करना सुरक्षित नहीं होता। कई मामलों में इसके पीछे मलेरिया या अन्य गंभीर संक्रमण छिपे हो सकते हैं, जो समय पर पहचान न होने पर खतरनाक रूप ले सकते हैं।

डॉक्टर की चेतावनी: लापरवाही से बिगड़ सकती है हालत

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में कई मरीज ऐसे आते हैं जिन्हें शुरुआत में वायरल बुखार समझ लिया जाता है, लेकिन बाद में उनमें गंभीर संक्रमण की पुष्टि होती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि सामान्य वायरल बुखार आमतौर पर 3-4 दिनों में आराम, तरल पदार्थ और बेसिक देखभाल से ठीक हो जाता है। लेकिन अगर बुखार बना रहता है, तो इसे हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है।

इन संकेतों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें

कुछ खास लक्षण ऐसे होते हैं, जो सामान्य बुखार से अलग संकेत देते हैं। जैसे बुखार का बार-बार आना, तेज ठंड लगना, फिर अचानक तेज बुखार और उसके बाद पसीना आना।

यह पैटर्न अक्सर मलेरिया जैसे संक्रमण की ओर इशारा करता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शरीर सिर्फ तापमान ही नहीं, बल्कि कई तरह के संकेत देता है, जिन्हें समझना बेहद जरूरी है।

थकान नहीं, हो सकता है बड़ा संकेत

सामान्य थकान और बीमारी से जुड़ी कमजोरी में बड़ा फर्क होता है। कई बार मरीज इतनी ज्यादा थकान महसूस करता है कि छोटे-छोटे काम भी मुश्किल लगने लगते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, मलेरिया रेड ब्लड सेल्स को प्रभावित करता है, जिससे शरीर की ऊर्जा कम हो जाती है और थकान बढ़ जाती है।

कब करानी चाहिए जांच? जानिए सही समय

अगर बुखार 2-3 दिन से ज्यादा बना रहता है, या उसके साथ ठंड लगना, पसीना आना और असामान्य कमजोरी महसूस हो रही है, तो तुरंत जांच कराना जरूरी है। साधारण ब्लड टेस्ट से मलेरिया जैसे संक्रमण का जल्दी पता लगाया जा सकता है, जिससे समय रहते इलाज संभव हो पाता है।

गर्मी-बरसात में फैलते हैं कई खतरनाक इंफेक्शन

गर्मी और बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड जैसी बीमारियां तेजी से फैलती हैं। इनके शुरुआती लक्षण लगभग एक जैसे होते हैं, जिससे भ्रम पैदा होता है। इसी वजह से लोग हर बुखार को वायरल मान लेते हैं, जो कई बार जोखिम भरा साबित हो सकता है।

बचाव ही है सबसे बड़ा इलाज

इन बीमारियों से बचने के लिए जरूरी है कि आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव करें और साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। साथ ही शरीर के संकेतों को समझें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here