- बीरेंद्र कुमार झा
पूर्व कृषि मंत्री और आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह ने मंगलवार को नीतीश कुमार के साथ-साथ अपने ऊपर करवाई की बात करने वाले तेजस्वी यादव को भी अपने निशाने पर ले लिया है। बीजेपी से गाइड होने के सवाल पर सुधाकर सिंह ने तेजस्वी यादव को करारा जवाब दिया है। सुधाकर सिंह ने कहा कि मैं बीजेपी या आरएसएस से नहीं, बल्कि बिहार की 14 करोड़ जनता से गाईड हो रहा हूं।बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आरोपों का जवाब देते हुए आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह ने कहा कि जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा है और उनके लिए ही वे आज विधानसभा में आए हैं। ऐसे में मेरी प्राथमिकता यह है कि मैं जनता की बातों को विधानसभा में रखूं।
किसानों के मुद्दे पर आवाज उठाते रहेंगे
मंगलवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने तेजस्वी यादव को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मैंने जो भी बयान दिया है ,वह पब्लिक डोमेन में है। इसलिए कौन क्या बोलता है, क्या सोचता है, सबकी अपनी व्यक्तिगत राय है, मैं मुख्यमंत्री से सवाल पूछ रहा हूं।सुधाकर सिंह ने एक बार फिर कहा कि जिसे जो बोलना है, बोले ,लेकिन वे किसानों के मुद्दे पर आवाज उठाते रहेंगे।सुधाकर सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा पार्टियों के लिए नहीं बना है। यह बिहार की जनता के लिए बना है। पार्टियों की बात सड़क पर होगी। 243 सदस्यों का यह सदन है ,जो स्वतंत्र रूप से विधायिका की बुनियादी सिद्धांत पर आधारित है। यह दलीय व्यवस्था का विषय नहीं है ।उन्होंने कहा कि वह सदन में जनता के प्रतिनिधि हैं और सदन के अंदर जनता के मुद्दे पर ही बात करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का सिद्धांत भी वही है जो मैं बोल रहा हूं।
सुधाकर सिंह और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बीच जुबानी जंग
सोमवार को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सुधाकर सिंह को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा था कि हमने एक साथ महागठबंधन का नेतृत्व करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुना है। अगर कोई पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर बोलता है,तो वह बीजेपी और आरएसएस के लिए काम कर रहा है ।लेकिन अगर कोई जानबूझकर ऐसा बयान दे रहा है ,तो यह ठीक नहीं है। लग रहा है कि वह कहीं से और किसी और से गाइडेड हो रहे हैं।उन्होंने जल्दी ही सुधाकर सिंह पर बड़ी करवाई होने की बात भी कही थी। इससे पहले सुधाकर सिंह ने कैमूर की एक सभा में नीतीश कुमार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को किसानों की चिंता नहीं है, बल्कि अपनी कुर्सी का फिक्र है। नीतीश कुमार कब किधर पलटी मार देंगे, कोई नहीं बता सकता। सुधाकर सिंह ने आगे कहा था कि नरेंद्र मोदी के बदले नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने से अच्छा है कि देश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाए।

