पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से रामनवमी के दौरान हिंसा की घटना देखने को मिली है।बंगाल में पिछले वर्ष भी ममता बनर्जी ने एक खास संप्रदाय के लोगों को दंगा न करने और ऐसा करने पर परिणाम भुगतने बात कही थी,इसके बाद रामनवमी में वहां रामनवमी की शोभा यात्रा पर पथराव हुआ था और दंगा भड़की थी।इस बार भी अपने चुनावी भाषणों में ममता बनर्जी ने दंगा शब्द का कई बार प्रयोग किया था।इसके बाद इस वर्ष भी बंगाल में रामनवमी की शोभा यात्रा पर पत्थरबाजी हुई,विस्फोट हुए और दंगा जैसी स्थिति बन गई।हालांकि इस बार यह ज्यादा भड़क नहीं पाई और कुछ लोगों के घायल होने तक पर ही सिमट गई,जिनका इलाज कराया जा रहा है। गौरतलब है कि बंगाल के मुर्शिदाबाद में बुधवार (17 अप्रैल) को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर इलाके में शोभायात्रा पर कथित तौर पर पथराव किया गया, जिसमें कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं। शक्तिपुर में ही बुधवार शाम को शोभायात्रा के दौरान हुए विस्फोट हुआ, जिसमें एक महिला घायल हो गई।
बीजेपी ने इस घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को घेरा
बीजेपी ने बंगाल में रामनवमी की शोभायात्रा पर पत्थरबाजी को लेकर कहा कि पुलिस इस साल भी राम भक्तों की सुरक्षा करने में नाकामयाब रही है। बीजेपी ने कहा कि पिछले साल भी पुलिस की सुरक्षा देने में विफलता की वजह से दलखोला, रिशरा और सेरामपुर में शोभायात्रा पर पथराव किया गया। इस साल भी प्रशासन से पूरी अनुमति के बाद निकाली जा रही रामनवमी की शांतिपूर्ण शोभायात्रा पर शक्तिपुर में उपद्रवियों द्वारा हमला किया गया है।
छतों से हुआ रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद में पथराव की घटना जिले के शक्तिपुर इलाके में तब सामने आई, जब यहां से बुधवार शाम रामनवमी की शोभायात्रा गुजर रही थी। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें लोगों को छतों से पथराव करते हुए देखा जा सकता है। पत्थरबाजी के बाद लोगों की भीड़ उग्र हो गई, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोलों का सहारा लेना पड़ा।
घायलों का अस्पताल में चल रहा है इलाज
पुलिस ने आगे बताया कि हालात को काबू में कर लिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स को भेज दिया गया है। पथराव की वजह से घायल हुए लोगों को बहरामपुर में ‘मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ में भर्ती किया गया है। एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि पत्थरबाजी में कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान धमाका
मीडिया सूत्रों के अनुसार मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बुधवार शाम को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुए विस्फोट हुआ, जिसमें एक महिला घायल हो गई।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट बुधवार शाम हुआ। इसमें एक महिला घायल हुई। धमाके को लेकर जांच की जा रही है।महिला को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती किया गया है,हालांकि, इस बात की जानकारी नहीं दी गई कि धमाका बम से हुआ या किसी और चीज से।
बीजेपी ने पुलिस पर उपद्रवियों के साथ खड़ा रहने का लगाया आरोप
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव और दुकानों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा के लिए प्रशासन से इजाजत ली गई थी, लेकिन मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर और बेलडांगा-II ब्लॉक में उपद्रवियों ने रामनवमी की शोभायात्रा पर हमला किया।सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि हैरानी वाली बात यह रही कि इस बार ममता सरकार की पुलिस इस भयानक हमले में उपद्रवियों के साथ खड़ी दिखाई दी और इसने राम भक्तों पर आंसू गैस के गोले दागे।ऐसा इसलिए किया गया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि शोभायात्रा तुरंत खत्म हो जाए।
घायलों से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता अधीर रंजन, बीजेपी ने किया प्रदर्शन
बहरामपुर के सांसद और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार शाम को क्षेत्र का दौरा किया।उन्होंने कहा कि मैं मालदा से झड़प में घायल हुए लोगों को देखने आया हूं।मगर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने यह दावा करते हुए अस्पताल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया कि हिंदुओं पर हमला हो रहा है और मुझसे जवाब की मांग कर रहे हैं। विरोध करने वालों को उन लोगों से पूछना चाहिए जिन्हें जवाब देने की जरूरत है।

