कोलकाता (बीरेंद्र कुमार): कोलकाता कस्टम की टीम ने मध्य कोलकाता से 4 अत्याधुनिक कैमरे और 4 ड्रोन बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि बरामद अत्याधुनिक कैमरे का इस्तेमाल भारतीय सेना के जवान करते हैं। बरामद ड्रोन भी काफी उच्च गुणवत्तावाला है। इससे रात में भी ऊंचाई से स्पष्ट तस्वीरें ली जा सकती है। इस कैमरे को लेकर जा रहा युवक भागने में सफल हो गया।
कस्टम विभाग को मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार कस्टम विभाग को यह खबर मिली थी कि मध्य कोलकाता से एक युवक कुछ संदिग्ध सामान लेकर कहीं जा रहा है। इस सूचना के बाद कस्टम की टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध युवक की तलाश में जुट गई। इस टीम को आरएन मुखर्जी रोड स्थित मेंगो लेन में हाथ में एक बैग लिए युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी। टीम के सदस्यों ने जब उसका पीछा किया तो युवक बैग को सड़क पर फेंक कर फरार हो गया। कस्टम की टीम ने जब इस बैग को खोला तो उसमें 4 अत्याधुनिक कैमरे और 4 ड्रोन मिले।
चीन से चेन्नई पहुंचा था कमरा और ड्रोन
जांच से ये पता चला है कि इन कैमरों को कोलकाता, चेन्नई से एक कुरियर द्वारा भेजा गया था। मध्य कोलकाता स्थित कूरियर कंपनी ने इस कैमरे की डिलीवरी भी दी दिए गए पते पर कर दी। फरार युवक डिलीवरी वाले ठिकाने से ही कैमरे और ड्रोन को लेकर कहीं और पहुंचाने जा रहा था। अब यह जांच की जा रही है कि इन कैमरों को चेन्नई से कोलकाता किसने भेजा था और इसे किस उद्देश्य से कहां पहुंचाना था? इस बारे में कोलकाता की कोरियर कंपनी के कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।कस्टम की तरफ से कोलकाता पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

